Bihar Politics: 'राजद में लालू राज खत्म', तेज प्रताप ने पहली बार तेजस्वी को जोरदार घेरा, पीएम मोदी के हुए फैन
Bihar Politics: राजद में लालू राज खत्म हो गया है..तेज प्रताप यादव ने एक बार फिर बड़ा बयान दिया है। तेज प्रताप यादव ने कई मामलों को लेकर खुलकर बात की है। उन्होंने इस दौरान पीएम मोदी की सराहना भी की।
Bihar Politics: बिहार की राजनीति में एक बार फिर तेज प्रताप यादव चर्चा में हैं। तेज प्रताप यादव ने एक पॉडकास्ट में अपने पिता लालू यादव, अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव, पीएम मोदी, सीएम नीतीश, बहन रोहिणी आचार्य सहित कई मामलों में खुलकर अपनी बात को रखी। इस दौरान तेज प्रताप यादव ने कहा कि अब लालू राज खत्म हो गया। उन्होंने तेजस्वी को लेकर भी कई बातों को सामने रखा। उन्होंने तेजस्वी के साथ पटना एयरपोर्ट पर हुए मुलाकात को लेकर भी बड़ी बात कही।
हमने अपना रास्ता अलग किया
तेजप्रताप यादव ने लालू यादव को लेकर साफ शब्दों में कहा कि अब लालू राज खत्म हो चुका है और राजनीति में उन्होंने अपनी अलग लकीर खींच ली है। बिहार चुनाव में राजद के 25 सीटों तक सिमटने और खुद के अलग होने के सवाल पर तेजप्रताप यादव ने कहा कि जब कृष्ण का सम्मान नहीं होगा तो यही हश्र होगा। हम मान-सम्मान के लिए लड़ते हैं। जब मान-सम्मान नहीं मिला तो हमने अपना रास्ता अलग कर लिया।
‘जयचंद’ ने किया राजद को बर्बाद
राजद पर टिकट बंटवारे में पैसे मांगने के आरोपों को लेकर तेजप्रताप यादव ने कहा कि यह काम 5-6 जयचंदों का है। उन्होंने नाम लेने से इनकार करते हुए कहा कि सब जानते हैं जयचंद कौन हैं और वे आज भी परिवार के अंदर ही हैं।
तेजस्वी पर उठाया
बिहार चुनाव में हार के बाद तेजस्वी यादव के विदेश दौरे पर तेजप्रताप यादव ने सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी हारी तो हमने तुरंत समीक्षा बैठक की थी। उन्हें भी ऐसा करना चाहिए था। राजद की हार के लिए उन्होंने फिर उन्हीं “जयचंदों” को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि दुश्मन बाहर नहीं, घर के अंदर है।
परिवार को लेकर दिया बड़ा बयान
तेजप्रताप यादव ने बताया कि वे अपनी मां राबड़ी देवी से आशीर्वाद लेने गए थे। मां ने उन्हें घर लौटने को कहा था, जिस पर उन्होंने जवाब दिया कि हम अपनी अलग लाइन बना चुके हैं, बस आपका आशीर्वाद चाहिए। बहन रोहिणी आचार्य को लेकर उन्होंने कहा कि बातचीत हुई थी और वे भावुक थीं। उन्होंने रोहिणी को अच्छी बहन बताया और कहा कि उन्होंने पिता के लिए किडनी दान की थी।
लालू राज खत्म
जब उनसे कहा गया कि आप राजा के बेटे हैं लेकिन शौक मिडिल क्लास जैसे हैं, इस पर तेजप्रताप यादव बोले कि राजा-प्रजा कुछ नहीं होता। राजा गए, राज चला गया। तेज प्रताप ने अपने पिता लालू यादव के लिए बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि अब लालू राज खत्म हो गया।
PM मोदी को 10 में 10 नंबर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नंबर देने के सवाल पर तेजप्रताप यादव ने कहा कि हम उन्हें 10 में से 10 नंबर देंगे। वो पूजा-पाठ करते हैं, हम भी करते हैं। अगर वो पूजा नहीं करते तो शायद नंबर कट जाता।
नीतीश कुमार पर क्या बोले
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर तेजप्रताप यादव ने कहा कि उनमें कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि बुर्का वाले विवाद से जुड़ा एक वीडियो वायरल हुआ था, उसी वजह से चर्चा हुई। तेजप्रताप यादव के ये बयान बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल बढ़ा सकते हैं, खासकर ऐसे समय में जब सियासी समीकरण तेजी से बदल रहे हैं।
एयरपोर्ट पर हुई मुलाकात को लेकर तेजस्वी का बयान
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान तेज प्रताप यादव और तेजस्वी यादव का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था। एयरपोर्ट पर तेजस्वी और तेज प्रताप का आमना सामना हुआ। इस वाक्या को लेकर सवाल किया गया कि आपने जाकर तेजस्वी से हाथ क्यों नहीं मिलाया तो तेज प्रताप यादव ने कहा कि उनको आकर पैर छूना चाहिए हम बड़े भाई हैं, सब काम बड़ा भाई ही करेगा तो छोटा भाई क्या करेगा।