पिस्टल की नोक पर घर में मची चीख-पुकार, लुटेरों ने सोचा था बच निकलेंगे, पर पुलिस ने बिछाया ऐसा जाल...
Patna : पटना सिटी के अगमकुंआ थाना क्षेत्र स्थित हाउसिंग कॉलोनी में पिस्टल के बल पर हुई डकैती मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस कांड में शामिल दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त वाहन को भी बरामद कर लिया है।
देर रात घर में घुसकर की थी डकैती
पटना पूर्वी एसपी के अनुसार, 30 जनवरी 2026 की रात करीब 2:00 बजे अपराधियों ने हाउसिंग कॉलोनी स्थित एक घर में धावा बोला था। हथियारबंद अपराधियों ने पिस्टल के बल पर घर में मौजूद लोगों को बंधक बनाया और डायमंड का नेकलेस तथा सोने की चूड़ियों समेत कीमती जेवर लूट कर फरार हो गए थे। इस संबंध में अगमकुंआ थाना कांड सं.-103/26 दर्ज किया गया था।
बोलेरो के साथ पकड़े गए दो शातिर अपराधी
घटना के खुलासे के लिए गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान उदय भूषण (57 वर्ष), राजीव नगर, पटना और शक्ति कुमार उर्फ शक्ति सिंह (24 वर्ष), अथमलगोला, पटना के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त एक सफेद रंग की बोलेरो (न्यू रजि. नं.-बीआर 01 एफयू-4746) भी बरामद की है।
अपराधियों का रहा है पुराना इतिहास
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, पकड़े गए दोनों अपराधियों का पहले से ही आपराधिक इतिहास रहा है। उदय भूषण के खिलाफ राजीव नगर थाने में पहले से मामला दर्ज है, वहीं शक्ति कुमार के खिलाफ अथमलगोला थाने में हत्या के प्रयास और लूट जैसे दो गंभीर मामले (कांड सं. 285/23 और 412/23) दर्ज हैं।
5 अन्य की तलाश, हथियार बरामदगी के लिए छापेमारी
एसपी ने बताया कि फिलहाल पुलिस ने घटना में शामिल 5 अन्य अपराधियों को चिन्हित कर लिया है। पुलिस की टीमें डकैती में लूटे गए आभूषणों और घटना में प्रयुक्त हथियारों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों को भी सलाखों के पीछे पहुँचा दिया जाएगा।
Report - Anil kumar