बेऊर जेल में तेज प्रताप यादव की कैसे कटी रात, AC बैरक और घर के खाने की मांग ठुकराई, तबीयत बिगड़ने पर तीन बार अस्पताल पहुंचे

Bihar News: बिहार बंद हिंसा मामले में 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेजे गए तेज प्रताप यादव की जेल में पहली रात हलचल और चर्चाओं के बीच गुजरी।...

बेऊर जेल में तेज प्रताप यादव की कैसे कटी रात- फोटो : social Media

Bihar News: बिहार बंद हिंसा मामले में 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेजे गए तेज प्रताप यादव की जेल में पहली रात हलचल और चर्चाओं के बीच गुजरी। जेल सूत्रों के अनुसार उन्होंने एसी बैरक, घर का खाना और बेहतर सुविधाओं की मांग की, लेकिन जेल प्रशासन ने साफ कर दिया कि जेल मैनुअल से बाहर किसी भी तरह की विशेष सुविधा नहीं दी जा सकती। फिलहाल उनकी सेहत पर मेडिकल टीम की चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है।

शनिवार देर रात अदालत के आदेश के बाद तेज प्रताप यादव को नौबतपुर थाना से बेऊर जेल लाया गया। सामान्य प्रक्रिया के तहत उनकी एंट्री की गई, लेकिन वारंट में पहले से दर्ज कार्डियक बीमारी का उल्लेख होने के कारण उन्हें सीधे जेल अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने ईसीजी, ब्लड प्रेशर, शुगर समेत अन्य जरूरी जांच की। शुरुआती मेडिकल रिपोर्ट सामान्य आने के बाद रविवार सुबह उन्हें डिवीजन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया।

डिवीजन वार्ड में रहने के बावजूद उन्हें किसी तरह की अतिरिक्त सुविधा नहीं दी गई। सुरक्षा कारणों से वार्ड के आसपास अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई और अन्य बंदियों की आवाजाही सीमित कर दी गई। किसी भी बंदी को उनसे मिलने की अनुमति नहीं दी गई, जबकि वरिष्ठ जेल अधिकारी लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए रहे।

रविवार सुबह तेज प्रताप ने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए घर का बना भोजन उपलब्ध कराने की मांग की। जेल प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अदालत की अनुमति के बिना यह संभव नहीं है। शुरुआत में उन्होंने जेल का भोजन लेने से इनकार किया, लेकिन बाद में अधिकारियों के समझाने पर दाल, चावल और सब्जी का सामान्य भोजन स्वीकार कर लिया। उन्होंने बेहतर बिस्तर और ठंडी जगह पर रखने की मांग भी रखी, जिसे नियमों का हवाला देते हुए अस्वीकार कर दिया गया।

दिन के दौरान उन्होंने दो बार सीने में दर्द और घबराहट की शिकायत की, जबकि शाम को एक बार फिर बेचैनी महसूस होने पर उन्हें तीसरी बार जेल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने हर बार जांच में ब्लड प्रेशर, शुगर और अन्य कार्डियक पैरामीटर सामान्य बताए। एहतियात के तौर पर उन्हें मेडिकल ऑब्जर्वेशन में रखा गया और नियमित निगरानी जारी है।

तेज प्रताप यादव को बिहार बंद हिंसा मामले में गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया था, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में बेऊर जेल भेजा गया। बाद में उनकी जमानत याचिका भी खारिज कर दी गई। पुलिस के अनुसार उनके खिलाफ हत्या के प्रयास, दंगा, सरकारी कार्य में बाधा समेत 12 से अधिक धाराओं में मामला दर्ज है। जांच एजेंसियां वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर मामले की तफ्तीश आगे बढ़ा रही हैं। वहीं, आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत उनकी ओर से हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर किए जाने की संभावना जताई जा रही है।