Bihar politics - यूं ही नहीं दिव्यांगों के लिए तेजस्वी ने की अलग विभाग, आयोग के साथ पंचायती चुनाव में आरक्षण सहित 15 बड़ी घोषणाएं, जानें बिहार में कितनी है दिव्यांगों की आबादी
Patna - बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पूरी तरह से चुनावी मोड में आ गएं हैं। आज उन्होंने पटना में आयोजित एक कार्यक्रम में दिव्यांग लोगों को लेकर 15 बड़ी घोषणाएँ कर दी। इस दौरान तेजस्वी ने कहा कि अगर बिहार में उनकी सरकार बनती है तो दिव्यांगों के लिए अलग आयोग का गठन किया जाएगा। साथ ही दिव्यांगों के लिए अलग विभाग भी बनाया जाएगा। साथ ही दिव्यांग प्रमाण पत्र को बनाने की प्रक्रिया को आसान बनाया जाएगा।
तेजस्वी ने कहा कि दिव्यांगों को हर साल 1500 रुपए पेंशन दिया जाएगा। जिसमें हर साल दो सौ रुपए की बढ़ोतरी की जाएगी। मतलब पांच साल में 25 सौ रुपए पेंशन मिलेगा। इसके साथ ही हर जिले में एक दिव्यांग स्कूल की स्थापना की जाएगी. साथ ही सरकारी अस्पतालों में दिव्यांगों के लिए बेड आरक्षित की जाएगी।
दिव्यागों का होगा स्टेडियम
तेजस्वी ने कहा कि इसके साथ पंचायत चुनाव में दिव्यांग लोगों के लिए आरक्षण की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए अलग स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। ताकि उन्हें खेल की तैयारी में परेशानी नहीं हो। वहीं इन खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी भी दी जाएगी।
तेजस्वी ने कहा कि दिव्यांगों को उनका हक मिलना चाहिए, इसके लिए हमारी सरकार ने पूरा प्लान तैयार कर लिया है। जिसमें बस स्टैंड के साथ नगर निकायों को दिव्यांगों के अनुकूल बनाया जाएगा।
तेजस्वी ने कहा कि बिहार की मौजूदा सरकार दिव्यांगों के हक को लेकर गंभीर नहीं है। लेकिन हमारी सरकार बनने पर आवास योजना में पांच परसेंट आरक्षण दिव्यांगों को मिलेगा। जिससे दिव्यांगों को अपना घर मिलेगा। साथ ही नेत्रहीन लोगों को स्मार्ट फोन, स्पीकर सहित अन्य जरुरी चीजें सरकार की तरफ से मुफ्त दी जाएगी।
तेजस्वी की इन घोषणाओं का क्या है आधार
तेजस्वी यादव का दिव्यांग प्रेम ऐसे ही नजर नहीं आया है। 2011 की जनगणना के अनुसार 121 करोड़ की आबादी में देश में 2.68 करोड़ आबादी दिव्यांग हैं यानि कुल आबादी का 2.21% व्यक्ति किसी ना किसी तरह की शारीरिक या मानसिक निःशक्तता से ग्रस्त है। इनमें 1.50 करोड़ पुरुष और 1.18 करोड़ महिलाएं शामिल हैं. हालांकि यह आंकड़े साल 2011 की जनगणना पर आधारित हैं।
वहीं राज्यवार आंकड़ों के अनुसार उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के बाद बिहार तीसरा ऐसा राज्य हैं जहां विकलांगों की संख्या सबसे अधिक है. विकलांगों की 8.69% आबादी बिहार में हैं। इसमें 8.98% पुरुष और 8.13% महिला है। दिव्यांग जनों की 10.98% आबादी गांवों में जबकि 3.48% आबादी शहरों में रहती है। अब पिछले 14 साल में इन आंकड़ों में थोड़ा परिवर्तन हो सकता है।
रिपोर्ट - रंजन कुमार