Bihar Politics: व्हील चेयर पर दिल्ली से पटना लौटे तेजस्वी यादव, सीएम नीतीश पर बोला बड़ा हमला, बताया बीमार मुख्यमंत्री
Bihar Politics: बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मंगलवार को दिल्ली पहुंचे। जहां उन्होंने सीएम नीतीश को लेकर बड़ा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सीएम नीतीश की बातों को सुनकर बिहार में अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है।
Bihar Politics: बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव दिल्ली से पटना लौट आए हैं। तेजस्वी पटना एयरपोर्ट पर व्हील चेयर पर नजर आएं। इस दौरान उन्होंने सीएम नीतीश को लेकर कड़ी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि, मुख्यमंत्री की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और सदन में उनके व्यवहार से इसका संकेत मिलता है। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने महिला के मुद्दे पर सवाल उठाया तो उनको लेकर सीएम नीतीश ने विवादित बयान दिया।
अपराधियों को बढ़ा रहे हैं मनोबल
इस दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के लिए इस्तेमाल की गई भाषा पर प्रतिक्रिया देते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार में अपराध तेजी से बढ़ रहा है और सरकार गंभीर मुद्दों से ध्यान भटका रही है। तेजस्वी ने कहा कि राज्य में छोटी बच्चियों के साथ गैंगरेप की घटनाएं बढ़ी हैं, कई बड़े मामले सामने आए हैं। नीट छात्रा का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ था कि दरभंगा सहित कई जिलों में नई घटनाएं सामने आ गईं। उन्होंने कहा कि इन मुद्दों को राष्ट्रीय जनता दल और राबड़ी देवी ने सदन में उठाया, लेकिन जवाब देने के बजाय मुख्यमंत्री ने जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया, उससे अपराधियों का मनोबल बढ़ता है।
मुख्यमंत्री का माइक किया जा रहा बंद
मुख्यमंत्री की सेहत को लेकर दिए गए अपने बयान पर सफाई देते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि उन्होंने बीमारी पर कोई टिप्पणी नहीं की है। उन्होंने कहा कि उम्र बढ़ने पर बीमारी आना स्वाभाविक है, लेकिन सदन में मुख्यमंत्री का माइक बंद कर दिया जाना और उन्हें बोलने नहीं दिया जाना यह दिखाता है कि सरकार कहीं और से गाइड हो रही है और मुख्यमंत्री कमजोर स्थिति में हैं।
बिहार में डर तंत्र का माहौल
नीट छात्र मामले की जांच को लेकर उन्होंने कहा कि सीबीआई ने केस स्वीकार नहीं किया और बिहार सरकार ने भी जांच बंद कर दी। तेजस्वी ने आरोप लगाया कि बालिका गृह कांड और सृजन घोटाले जैसे मामलों में भी दोषियों को बचाने का काम किया गया और एनडीए सरकार में लोगों को न्याय नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में लोकतंत्र की जगह “डर तंत्र” का माहौल बन गया है।
पटना से रंजीत की रिपोर्ट