आरक्षण विवाद पर बोले तेजस्वी यादव, कोई पैदा नहीं हुआ जो आरक्षण खत्म कर सके

आरक्षण में उप-वर्गीकरण के विषय पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और बिहार सरकार के मंत्री संतोष सुमन के बीच हुए मतभेद पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव का बड़ा बयान सामने आया है। तेजस्वी ने कहा है कि बीजेपी पर्दे के पीछे से सारा ड्रामा करवा रही है....

आरक्षण विवाद पर बोले तेजस्वी का बड़ा बयान- फोटो : अभिजीत

Patna : आरक्षण में उप-वर्गीकरण के विषय पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और हम (HAM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कुमार सुमन के बीच उपजे मतभेद पर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव ने जोरदार हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस देश में अभी तक कोई ऐसा पैदा नहीं हुआ है जो आरक्षण को समाप्त कर सके। उन्होंने आरोप लगाया कि आरक्षण जैसे संवेदनशील मुद्दे पर बयानबाजी करने वाले नेताओं को सीधे नागपुर (आरएसएस) से दिशा-निर्देश मिलते हैं, जिसके तहत एक नेता पक्ष में तो दूसरा विपक्ष में बोलकर भ्रम की स्थिति पैदा कर रहा है।


चिराग-मांझी पर प्रहार, हिम्मत है तो सामान्य सीट से चुनाव लड़कर दिखाएं 

तेजस्वी यादव ने एनडीए में शामिल दलित नेताओं पर हमला बोलते हुए कहा कि जीतन राम मांझी और चिराग पासवान जैसे नेता हमेशा आरक्षित सीटों से ही चुनाव लड़ते आए हैं। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि यदि इन नेताओं को आरक्षण व्यवस्था से दिक्कत है, तो वे तुरंत अपने पदों से इस्तीफा दें और सामान्य सीटों से चुनाव लड़कर दिखाएं। तेजस्वी ने कहा कि ये नेता आरक्षण का पूरा फायदा उठाकर मंत्री पद का सुख भोग रहे हैं, जबकि खुद तेजस्वी ने आज तक ना तो आरक्षण का फायदा उठाया है और ना ही कभी इसका इस्तेमाल किया है।


आरक्षण विरोधी ताकतों की गोद में बैठे हैं एनडीए के घटक दल 

आरजेडी नेता ने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि चिराग पासवान, जीतन राम मांझी, जदयू और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) उन्हीं लोगों के साथ खड़े हैं जो आरक्षण को समाप्त करने की साजिश रचते आए हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी और आरएसएस की मंशा हमेशा से आरक्षण खत्म करने की रही है। तेजस्वी ने 2015 का जिक्र करते हुए कहा कि जब मोहन भागवत ने आरक्षण की समीक्षा की बात कही थी, तब बिहार की जनता ने बीजेपी को उठक-बैठक करा दिया था।


बीजेपी पर्दे के पीछे से करवा रही ड्रामा, जनता का मिजाज भांपने की कोशिश

आरक्षण के विषय पर भाजपा की खामोशी पर सवाल उठाते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि बीजेपी पीछे से यह सारा ड्रामा प्रायोजित करवा रही है। बीजेपी अपने सहयोगी नेताओं के जरिए यह सब बुलवाकर देश और समाज का मिजाज भांपने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के इस खेल में एनडीए के सहयोगी दल केवल मोहरा बने हुए हैं।


पद और मलाई के लिए समाज के हितों से समझौता करने का आरोप 

तेजस्वी ने अपने बयान के अंत में कहा कि चिराग पासवान हो या जीतन राम मांझी, ये नेता अपने समाज के हक और अधिकार के लिए नहीं, बल्कि केवल 'मलाई' और कुर्सी के लिए राजनीति कर रहे हैं। अपने व्यक्तिगत राजनीतिक फायदे के लिए ये नेता आरक्षण विरोधी ताकतों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं और अपने ही समाज के हितों के साथ समझौता कर रहे हैं।


अभिजीत की रिपोर्ट