'AK-47' लेकर पटना में उतरे तेजस्वी के समर्थक, राजभवन मार्च में दिखा विरोध का अनोखा अंदाज
प्रदर्शनकारी हाथों में तिरंगा लेकर बिहार सरकार, केंद्र सरकार और बिहार पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। कई प्रदर्शनकारियों के हाथों में GEN-Z स्टाइल के पोस्टर भी नजर आए, जिन पर लिखा था- 'AK-47 से निहत्थे छात्रों पर गोली चलाना बंद करो।'
सीवान में छात्र आंदोलन के दौरान कथित तौर पर AK-47 से फायरिंग के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव के आह्वान पर बुधवार को पटना में राजभवन मार्च निकाला जा रहा है। मार्च में शामिल होने के लिए बिहार के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता और समर्थक पटना पहुंचे हैं। प्रदर्शन के दौरान कुछ समर्थक हाथों में AK-47 की खिलौना प्रतिकृति लेकर सड़कों पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि यह असली हथियार नहीं, बल्कि सांकेतिक विरोध के लिए इस्तेमाल की गई प्रतिकृति है।
प्रदर्शनकारी हाथों में तिरंगा लेकर बिहार सरकार, केंद्र सरकार और बिहार पुलिस के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। कई प्रदर्शनकारियों के हाथों में GEN-Z स्टाइल के पोस्टर भी नजर आए, जिन पर लिखा था- 'AK-47 से निहत्थे छात्रों पर गोली चलाना बंद करो।'
भारी पुलिस बल की तैनाती
तेजस्वी यादव के प्रस्तावित राजभवन मार्च को लेकर पटना में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। जेपी गोलंबर से डाकबंगला चौराहे तक भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। डाकबंगला चौराहे पर पहली बार सड़क के बीच बैरिकेडिंग की गई है। पुलिसकर्मी लाठी और इंसास राइफल के साथ तैनात हैं।
सुरक्षा व्यवस्था और प्रदर्शन की निगरानी
पटना के आईजी जितेंद्र राणा समेत पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी खुद मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था और प्रदर्शन की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिसकर्मियों को बिना वरीय अधिकारियों की अनुमति के बल प्रयोग नहीं करने का निर्देश दिया गया है।
परीक्षा लीक एक परंपरा बन गई
राजभवन मार्च में आरजेडी सांसद मनोज कुमार झा भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि छात्र और युवा पूरे देश में आक्रोशित हैं, खासकर बिहार में परीक्षा लीक एक परंपरा बन गई है। बेरोजगारी का दंश युवा झेल नहीं पा रहे हैं और इन्हीं मुद्दों के समाधान की मांग को लेकर यह मार्च निकाला जा रहा है।
राजद कार्यकर्ताओं ने छात्र आंदोलन, NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और प्रदर्शनकारियों पर हुई कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। तेजस्वी यादव के नेतृत्व में मार्च आगे बढ़े रहा है।