बेगूसराय घटना पर तेजस्वी यादव का तीखा हमला: 'बिहार में अपराधियों का बोलबाला, मां-बेटी सुरक्षित नहीं'

दिल्ली रवानगी से पहले तेजस्वी यादव ने बिहार में बिगड़ती कानून व्यवस्था और बेगूसराय के वायरल वीडियो को लेकर राज्य सरकार पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराधियों का बोलबाला है और सरकार हाथ पर हाथ रखकर बैठी है।

तेजस्वी यादव का तीखा हमला: बोले- बिहार में पूरी तरह खत्म हो चुकी है कानून व्यवस्था- फोटो : Reporter

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव दिल्ली के लिए रवाना हुए, लेकिन जाने से पहले उन्होंने पटना में मीडिया से बात करते हुए बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। बेगूसराय में सामने आए हालिया वायरल वीडियो का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। तेजस्वी के अनुसार, बिहार में पूरी तरह से लॉ एंड ऑर्डर (कानून व्यवस्था) ध्वस्त हो चुकी है और सरकार इस पर लगाम लगाने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।


'अपराधियों का बोलबाला, मां-बेटी सुरक्षित नहीं'

तेजस्वी यादव ने राज्य के मौजूदा हालात पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बिहार में अपराधियों का बोलबाला हो चुका है और अत्याचारी खुलेआम घूम रहे हैं। बेगूसराय और गया में हाल ही में घटी घटनाओं को उन्होंने बेहद शर्मसार करने वाला बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि चाहे दिन हो या रात, घर हो या बाहर, स्कूल, कॉलेज या अस्पताल—कहीं भी महिलाएं और बच्चियां सुरक्षित नहीं हैं। तेजस्वी ने कहा कि आम लोगों के लिए कानून अलग है, जबकि सत्ता में बैठे लोग खुद को कानून से ऊपर समझ रहे हैं और सरकार हाथ पर हाथ धरकर बैठी है।


चिराग पासवान के बयान पर साधा निशाना, मांगा इस्तीफा

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने कहा था कि 'आरक्षण पर आंच आई तो इस्तीफा दे देंगे', तेजस्वी यादव ने कड़ा पलटवार किया। तेजस्वी ने कहा कि वे केवल बयानबाजी कर रहे हैं और असल में कुछ नहीं करने वाले। उन्होंने कहा कि चिराग पासवान खुद सरकार का हिस्सा हैं, इसलिए वे अपनी जिम्मेदारी से भाग नहीं सकते। तेजस्वी ने मांग की कि या तो वे राज्य के बिगड़े हालात की जिम्मेदारी लें या फिर बयान देने की बजाय तुरंत अपने पद से त्यागपत्र देकर सरकार से अलग हों।


मुख्यमंत्री पर बोला हमला: 'बिहार संभल नहीं रहा, खजाना खाली'

मुख्यमंत्री के हालिया बयानों पर चुटकी लेते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि वे अपराध जैसे गंभीर मुद्दों पर चुप्पी साधे रहते हैं। उन्हें 'सिलेक्टेड मुख्यमंत्री' बताते हुए तेजस्वी ने कहा कि न तो उनके नाम पर वोट मिलता है और न ही उनके काम पर। आज बिहार की स्थिति यह हो गई है कि उनसे राज्य संभल नहीं रहा है। राज्य का खजाना पूरी तरह खाली हो चुका है, जबकि दूसरी ओर एक-एक प्रशासनिक अधिकारी के यहां से करोड़ों रुपये की काली कमाई पकड़ी जा रही है।


लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं पर सरकार की घेराबंदी

अपने बयान के अंत में तेजस्वी यादव ने दोहराया कि बिहार में प्रशासनिक अराजकता का माहौल है। भ्रष्टाचार और अपराध चरम सीमा पर पहुंच चुके हैं। सरकार में शामिल दल और मंत्री केवल सत्ता का सुख भोग रहे हैं, जबकि राज्य की जनता अपराध और असुरक्षा के साये में जीने को मजबूर है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने अब भी अपराधियों पर कड़ा रुख नहीं अपनाया, तो जनता इसका माकूल जवाब देगी।