Tejashwi Yadav Birthday: तेजस्वी यादव का 37वां जन्मदिन आज, आधी रात को लालू-राबड़ी संग काटा केक, मीसा भारती ने खिलाकर दिया आशीर्वाद

Tejashwi Yadav Birthday: बिहार की सियासत के चर्चित युवा चेहरों में शुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज सोमवार को अपना 37वां जन्मदिन मना रहे हैं।...

तेजस्वी यादव का 37वां जन्मदिन आज- फोटो : reporter

Tejashwi Yadav Birthday: बिहार की सियासत के चर्चित युवा चेहरों में शुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव आज सोमवार को अपना 37वां जन्मदिन मना रहे हैं। उनके जन्मदिन को लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेताओं और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस खास मौके की शुरुआत परिवार के बीच आधी रात को केक काटकर हुई। जन्मदिन के जश्न में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, बड़े भाई तेज प्रताप यादव और उनकी पत्नी राजश्री मौजूद रहीं। वहीं, बड़ी बहन मीसा भारती ने तेजस्वी यादव को केक खिलाकर आशीर्वाद दिया।

परिवार के सदस्यों के बीच जन्मदिन का यह जश्न बेहद खास रहा। आधी रात को केक काटने के साथ ही तेजस्वी को बधाइयां देने का सिलसिला शुरू हो गया। इस दौरान परिवार के लोगों ने उनके बेहतर स्वास्थ्य, लंबी उम्र और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

9 नवंबर 1989 को हुआ था जन्म

तेजस्वी यादव का जन्म 9 नवंबर 1989 को हुआ था। बिहार के एक बड़े राजनीतिक परिवार में जन्मे तेजस्वी ने कम उम्र में ही राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। उनके पिता लालू प्रसाद यादव देश के प्रमुख समाजवादी नेताओं में गिने जाते हैं, जबकि मां राबड़ी देवी बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री रह चुकी हैं।राजनीतिक विरासत मिलने के बावजूद तेजस्वी यादव ने अपनी सक्रियता, संवाद शैली और चुनावी रणनीति के दम पर बिहार की राजनीति में मजबूत जगह बनाई है। क्रिकेट की दुनिया में भी उन्होंने अपनी किस्मत आजमाई थी, लेकिन बाद में उन्होंने राजनीति को अपना कार्यक्षेत्र बनाया।

बिहार की राजनीति में मजबूत विपक्षी चेहरा

तेजस्वी यादव बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं और वर्तमान में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका निभा रहे हैं। विधानसभा और चुनावी मंचों पर वह सरकार को बेरोजगारी, महंगाई, शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं के रोजगार जैसे मुद्दों पर घेरते रहे हैं।अपनी हाजिरजवाबी, आक्रामक भाषण शैली और युवा मतदाताओं के बीच पहुंच के कारण उन्होंने राज्य की राजनीति में अलग पहचान बनाई है। कम समय में उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराई है।

जन्मदिन पर राजद कार्यकर्ताओं में उत्साह

तेजस्वी यादव के जन्मदिन को लेकर राजद कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा जोश है। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी जा रही हैं। कई जगहों पर जन्मदिन के मौके पर सामाजिक और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। तेजस्वी यादव का यह जन्मदिन ऐसे समय में आया है, जब बिहार की राजनीति में विपक्ष की भूमिका और आने वाले राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हैं। ऐसे में उनके समर्थकों के लिए यह दिन केवल जन्मदिन का जश्न नहीं, बल्कि अपने युवा नेता के प्रति समर्थन और उत्साह जाहिर करने का भी मौका है।न्यूज4नेशन की तरफ से जन्मदिन की शुभकामनाएं।

रिपोर्ट- रंजन कुमार सिंह