POK में ढेर हुआ पुलवामा हमले का मास्टरमाइंड हमजा बुरहान, अज्ञात हमलावरों ने मारी गोली

Burhan Shot Dead in Pakistan: 14 फरवरी 2019 के पुलवामा आतंकी हमले से जुड़े बताए जा रहे आतंकी हमजा बुरहान की पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी गई है.

पुलवामा हमले का मास्टरमाइंड हमजा बुरहान को अज्ञात हमलावरों ने मारी गोली- फोटो : Reporter

पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के मुजफ्फराबाद से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ कुख्यात आतंकी हमजा बुरहान की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी है। सूत्रों के मुताबिक, हमलावरों ने हमजा को मुजफ्फराबाद में निशाना बनाया, जहाँ मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हमजा बुरहान को भारत के लिए एक बड़ा खतरा माना जाता था और वह पाकिस्तान आधारित आतंकी नेटवर्क का एक अहम हिस्सा था, जिसकी सुरक्षा एजेंसियों को लंबे समय से तलाश थी।


2019 के पुलवामा आत्मघाती हमले की साजिश में शामिल था हमजा

बताया जा रहा है कि हमजा बुरहान की 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर में हुए भीषण पुलवामा आत्मघाती हमले की साजिश में बेहद अहम भूमिका थी। इस कायराना हमले में सीआरपीएफ (CRPF) के 40 जवान शहीद हो गए थे, जिसने पूरे भारत को झकझोर कर रख दिया था। इस हमले के जवाब में भारत ने पाकिस्तान के बालाकोट में एयरस्ट्राइक कर आतंकी ठिकानों को नेस्तनाबूद किया था। इसके अलावा, साल 2020 में पुलवामा में सीआरपीएफ पर हुए एक अन्य ग्रेनेड हमले का मास्टरमाइंड भी यही आतंकी था।


मुजफ्फराबाद में मेडिकल इंस्टीट्यूट का प्रिंसिपल बना बैठा था 'डॉक्टर'

मारे गए आतंकी हमजा बुरहान का असली नाम अर्जुमंद गुलजार डार था, जिसे आतंकी नेटवर्क में 'डॉक्टर' के नाम से भी जाना जाता था। वह आतंकी संगठन 'अल बद्र' का कमांडर था और साल 2015 से ही पाकिस्तान में छिपकर रह रहा था। हैरान करने वाली बात यह है कि वह पाकिस्तान के संरक्षण में मुजफ्फराबाद के अब्बास इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में प्रिंसिपल के पद पर तैनात था। वह इस वीआईपी ओहदे की आड़ में नए आतंकियों की भर्ती (Recruitment) का काम संभाल रहा था।


भारत सरकार ने UAPA के तहत घोषित किया था आतंकी, PoK में बढ़ा पहरा

अर्जुमंद गुलजार डार उर्फ हमजा बुरहान की भारत विरोधी गतिविधियों को देखते हुए साल 2022 में भारत सरकार ने उसे यूएपीए (UAPA) कानून के तहत आधिकारिक रूप से आतंकवादी घोषित किया था। मुजफ्फराबाद में हुई इस ताजा हत्या के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। हालांकि, इस हमले को किसने और क्यों अंजाम दिया, इसकी पहचान और वजह अभी तक पूरी तरह साफ नहीं हो पाई है।


पाकिस्तान में 'अज्ञात हमलावरों' का खौफ, एक-एक कर ढेर हो रहे आतंकी

हमजा बुरहान की हत्या ऐसे समय में हुई है जब पाकिस्तान और PoK में रह रहे भारत के दुश्मनों और कट्टरपंथी नेटवर्क से जुड़े चेहरों पर रहस्यमय ढंग से हमले तेज हो गए हैं। पिछले कुछ सालों में कई बड़े आतंकियों को या तो आपसी गैंगवार में मार गिराया गया है या फिर 'अज्ञात हमलावरों' ने उन्हें उनके सुरक्षित ठिकानों पर ही ढेर कर दिया है। हमजा की मौत भी इसी सिलसिले की एक नई कड़ी मानी जा रही है, जिससे पाकिस्तान में छिपे आतंकियों में भारी खौफ है।