Bihar News : पटना के जीएम रोड दवा मंडी में औषधि विभाग की टीम ने की छापेमारी, बिना बिल और सरकारी दवाओं की अवैध बिक्री की हो रही जांच

Bihar News : पटना की सबसे बड़ी दवा मंडी गोविंद मित्रा रोड में औषधि विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई थोक दवा दुकानों पर एक साथ छापेमारी की है।

दवा मंडी में छापेमारी - फोटो : ANIL

PATNA : पटना में दवाओं के अवैध कारोबार को लेकर औषधि विभाग ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। पटना की सबसे बड़ी दवा मंडी गोविंद मित्रा रोड में ड्रग विभाग की टीम ने एक साथ कई थोक दवा दुकानों पर छापेमारी की है। मां तारा एजेंसी और मां अपर्णा ड्रग सहित अन्य प्रतिष्ठानों को जांच के दायरे में लिया गया है। विभाग को इन दुकानों में बिना बिल के दवाओं की खरीद-बिक्री, दवाओं के रखरखाव में अनियमितता और सरकारी दवाओं की अवैध बिक्री किए जाने की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर तीन अलग-अलग टीमें गठित कर कार्रवाई की जा रही है।

बता दें की पटना के गोविंद मित्रा रोड को राजधानी की सबसे बड़ी दवा मंडियों में गिना जाता है। यहां बड़ी संख्या में थोक दवाओं का कारोबार होता है। इसी दवा मंडी में नियमों को ताक पर रखकर दवाओं की खरीद-बिक्री किए जाने की शिकायत औषधि विभाग को मिली थी। सूचना थी कि कुछ थोक दवा विक्रेताओं द्वारा बिना वैध बिल के दवाओं का कारोबार किया जा रहा है। इसके अलावा दवाओं के भंडारण और रखरखाव में भी निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए औषधि विभाग ने तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया और एक साथ कई दुकानों पर छापेमारी शुरू कर दी। मां तारा एजेंसी और मां अपर्णा ड्रग जैसे थोक दवा विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों में टीम दस्तावेजों, दवाओं के स्टॉक और खरीद-बिक्री से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है। विभाग को सरकारी अस्पतालों में मरीजों को उपलब्ध कराई जाने वाली सरकारी दवाओं की खुले बाजार में बिक्री किए जाने की सूचना भी मिली थी। इसी बिंदु को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है कि कहीं सरकारी दवाओं को अवैध तरीके से निजी बाजार में तो नहीं बेचा जा रहा है।

औषधि विभाग की इस कार्रवाई से गोविंद मित्रा रोड की दवा मंडी में हड़कंप मचा हुआ है। टीम की ओर से दुकानों में मौजूद दवाओं के स्टॉक का मिलान खरीद-बिक्री के बिल और अन्य जरूरी कागजात से किया जा रहा है। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि दवाओं का कारोबार निर्धारित नियमों और कानूनी प्रावधानों के तहत हो रहा है या नहीं। खास तौर पर बिना बिल की दवाओं और सरकारी दवाओं की अवैध बिक्री से जुड़े इनपुट को गंभीरता से लिया जा रहा है।

फिलहाल औषधि विभाग की तीनों टीमें अलग-अलग दुकानों में जांच कर रही हैं। छापेमारी के दौरान क्या-क्या अनियमितताएं सामने आती हैं, कितनी दवाओं और दस्तावेजों की जांच होती है और दोषी पाए जाने वाले दवा कारोबारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है, यह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट हो पाएगा। लेकिन इस कार्रवाई ने एक बार फिर दवाओं के कारोबार में पारदर्शिता, मरीजों की सुरक्षा और सरकारी दवाओं की कालाबाजारी पर रोक लगाने को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

अनिल की रिपोर्ट