पटना साइबर थाना में नहीं रहते कोई अधिकारी या पुलिसकर्मी की खबर को पुलिस ने बताया भ्रामक, कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

पटना साइबर थाना में पुलिसकर्मी नदारद रहते है वाली खबर का पुलिस द्वारा खंडन करते हुए चेतावानी जारी की गई है। पुलिस द्वारा कहा गया है कि यह खबर पूरी तरह भ्रामक है और ऐसी खबर प्रसारित करने वाले व्यक्ति और संस्थान के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है.....

पुलिस की चेतावनी - फोटो : रंजीत कुमार

Patna : पटना साइबर थाना में पुलिसकर्मी नदारद रहते है वाली खबर का पुलिस द्वारा खंडन करते हुए चेतावानी जारी की गई है। साइबर थाना पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त 2026 की सुबह लगभग 10:00 बजे एक मीडियाकर्मी साइबर थाने पहुंचा। पूछताछ में उसने साइबर थाने के संबंध में सामान्य जानकारी लेने की बात कही, जिसके बाद पुलिसकर्मी अपने-अपने कार्यों में व्यस्त हो गए। इसी दौरान मीडियाकर्मी ने थाने के एक खाली कमरे का वीडियो बना लिया और यह भ्रामक खबर प्रसारित कर दी कि साइबर थाना पूरी तरह खाली है और वहां कोई अधिकारी या पुलिसकर्मी मौजूद नहीं है।


CCTV फुटेज से हुई सच्चाई की पुष्टि, अनुसंधान कक्ष में कार्य कर रहे थे कर्मी 

पुलिस ने इस भ्रामक खबर का कड़ा खंडन किया है। थाने में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज की जांच से यह पूरी तरह स्पष्ट हो गया है कि ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिस पदाधिकारी और कर्मी थाने में ही उपस्थित थे और अनुसंधान कक्ष (Investigation Room) में बैठकर अपना आधिकारिक कार्य कर रहे थे।


वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई सूचना, मीडिया से जिम्मेदारी की अपील 

घटना के संबंध में वरीय पुलिस अधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। इसके साथ ही पटना पुलिस ने संबंधित मीडियाकर्मी सहित सभी मीडिया बंधुओं से अपील की है कि वे तथ्यों की पुष्टि किए बिना इस प्रकार की भ्रामक, मनगढ़ंत और निराधार खबरों को बढ़ावा न दें।


भ्रामक खबरें फैलाने पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी जारी की है कि यदि कोई भी व्यक्ति या संस्थान इस तरह की भ्रामक खबरें फैलाकर गैर-कानूनी कार्य करता है, तो उसके विरुद्ध कानून में निहित प्रावधानों के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


रंजीत की रिपोर्ट