कैलाशपुरी में नागपंचमी की तैयारी पूरी: सोमवार को उमड़ेगा आस्था का सैलाब, दूध-लावा चढ़ाने जुटेंगे लाखों श्रद्धालु
नागपंचमी को लेकर सुपौल जिले के प्रसिद्ध कैलाशपुरी मेला स्थल पर नागपंचमी महोत्सव की तैयारी पूरी हो गई है। कल सोमवार माता बिषहरी और भगवान शिव-पार्वती मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना होगी, जहां आस्था का भारी सैलाब उमड़ने की उम्मीद है.....
Supaul : जिले के पिपरा प्रखंड अंतर्गत पथरा उत्तर पंचायत के जोल्हनियां (वार्ड संख्या-3) स्थित प्रसिद्ध कैलाशपुरी मेला स्थल पर नागपंचमी महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार को नागपंचमी के पावन अवसर पर माता बिषहरी और भगवान शिव-पार्वती मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना होगी, जहां आस्था का भारी सैलाब उमड़ने की उम्मीद है।
मंदिर की भव्य सजावट और श्रद्धालुओं के लिए लंगर की व्यवस्था
मेला समिति के सचिव सुनील कुमार ने बताया कि नागपंचमी पर श्रद्धालु माता बिषहरी को दूध और लावा अर्पित कर पूजा-अर्चना करते हैं। सुपौल सहित आसपास के कई जिलों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं के लिए ठंडे पेयजल का विशेष प्रबंध किया गया है। साथ ही, आगंतुकों के लिए हलुआ-पूरी और सब्जी के विशाल लंगर की व्यवस्था की गई है।
थानाध्यक्ष और पुलिस बल ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा
मेला समिति के उपाध्यक्ष सह पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक राजीव सिंह और पुलिस अवर निरीक्षक जयप्रकाश सिंह ने पुलिस बल के साथ मेला परिसर का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही, पार्किंग, दुकानदारों के लिए निर्धारित स्थल और सुरक्षा के कड़े इंतजामों का जायजा लेते हुए ड्यूटी पर तैनात जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
साफ-सफाई, रोशनी और साउंड सिस्टम की व्यवस्था पूर्ण
मंदिर प्रांगण और पूरे मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, रंग-रोगन, आधुनिक रोशनी और साउंड सिस्टम जैसी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे परिसर में पुलिस बल के साथ-साथ स्थानीय वालंटियर्स की तैनाती की गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके और भीड़ को सुचारू रूप से नियंत्रित किया जा सके।
स्थानीय ग्रामीण और समिति के सदस्य रहे मौजूद
निरीक्षण और तैयारियों के अंतिम दौर के दौरान सदानंद साह, महेश पासवान, लाल पासवान, श्रवण मंडल, राजकुमार चौधरी, अरुण प्रसाद मंडल और मो. मेहदी सहित दर्जनों स्थानीय प्रबुद्ध नागरिक एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट