बिहार के विकास में पर्यटन की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण, समय पर पूरी हों सभी योजनाएं: मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता

Bihar News : पर्यटन मंत्री का पदभार ग्रहण करने के बाद आज पहली बार केदार प्रसाद गुप्ता ने उच्च स्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मंत्री ने मुख्यमंत्री के विजन को दोहराते हुए सभी पर्यटन परियोजनाओं को समय सीमा के भीतर पूरा करने के कड़े निर्देश दि

समीक्षा बैठक करते पर्यटन मंत्री - फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna : बिहार के नवनियुक्त पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता की अध्यक्षता में बुधवार को पर्यटन निदेशालय सभागार में एक महत्वपूर्ण विभागीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। पदभार ग्रहण करने के बाद आयोजित इस पहली परिचयात्मक व समीक्षा बैठक में पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह ने मंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। बैठक के दौरान पर्यटन सचिव ने पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से मंत्री को विभाग की सांगठनिक संरचना, कार्यप्रणाली और वर्तमान में संचालित की जा रही विभिन्न कल्याणकारी व विकास योजनाओं से विस्तृत रूप से अवगत कराया।


विभागीय योजनाओं और बजट की समीक्षा

समीक्षा के क्रम में पर्यटन मंत्री को राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित योजनाओं की अद्यतन भौतिक एवं वित्तीय स्थिति की जानकारी दी गई। इसके साथ ही इन योजनाओं पर अब तक व्यय की गई राशि और भविष्य के बजट रोडमैप को साझा किया गया। बैठक में उपस्थित विशेष सचिव सह निदेशक उदयन मिश्रा ने मंत्री को बिहार के प्रमुख पर्यटन सर्किटों जैसे—बुद्ध सर्किट, रामायण सर्किट, जैन सर्किट, सूफी सर्किट, शिव शक्ति सर्किट, सिख सर्किट, ईको सर्किट और गांधी सर्किट के अंतर्गत आने वाले महत्वपूर्ण पर्यटक स्थलों के विकास कार्यों की वर्तमान प्रगति से अवगत कराया।


निवेश बढ़ाने और नई नीतियों पर जोर

विशेष सचिव द्वारा मंत्री को पर्यटन क्षेत्र में निजी निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभाग द्वारा लागू की गई 'पर्यटन नीति', 'होम स्टे नीति' तथा 'ब्रांडिंग और मार्केटिंग नीति' की बारीकियों की भी जानकारी दी गई। मंत्री ने इन नीतियों की सराहना करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्यटन नीति को धरातल पर पूरी तरह कारगर स्वरूप में लागू करें। उन्होंने कहा कि नीतियों को इस तरह सरल और प्रभावी बनाया जाए ताकि देश-विदेश से पर्यटन प्रक्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा निवेश आकर्षित किया जा सके, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा हों।


मुख्यमंत्री के विजन को पूरा करने का संकल्प

अपने संबोधन में पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री जी हमेशा यह कहते हैं कि बिहार के समग्र विकास में पर्यटन की भूमिका बहुत ही महत्वपूर्ण होने वाली है। मुख्यमंत्री स्वयं भी समय-समय पर विभाग की योजनाओं की उच्च स्तरीय समीक्षा करते रहते हैं। अतः विभाग का यह दायित्व है कि बिहार में पर्यटन संबंधी सभी स्वीकृत परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा (डेडलाइन) के भीतर पूरी हों, ताकि आम जनता और यहां आने वाले पर्यटकों को इसका सीधा व अधिकतम लाभ मिल सके।


आम लोगों तक पहुंचे जानकारी, मेलों का हो भव्य आयोजन

पर्यटन मंत्री ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि विभाग से जुड़ी हर छोटी-बड़ी योजना और पर्यटक सुविधाओं की जानकारी आम लोगों तथा सैलानियों तक आसानी से पहुंचे, इसके लिए सूचना तंत्र को मजबूत किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने बिहार के विभिन्न पौराणिक और ऐतिहासिक मेला-महोत्सवों को और अधिक भव्य व आकर्षक रूप में मनाने के लिए एक ठोस कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया। इस उच्च स्तरीय बैठक में बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (BSTDC) के प्रबंध निदेशक नंद किशोर, विभागीय संयुक्त सचिव इंदु कुमारी, महाप्रबंधक चंदन चौहान सहित निदेशालय के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।


नरोत्तम की रिपोर्ट