सुप्रीम कोर्ट के फैसले से बेनकाब हुआ विपक्ष, ताश के पत्तों की तरह ढह रही है टीएमसी : गिरिराज सिंह

Bihar Politics : एसआईआर' पर सुप्रीम कोर्ट के आए फैसले के बाद केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्ष जोरदार हमला बोला है। गिरिराज सिंह ने कहा है कि बिहार, बंगाल में हुए चुनाव के फैसले पर ममता, तेजस्वी और राहुल SIR को मुद्दा बना अपना चेहरा छुपाने

विपक्ष पर बरसे गिरिराज सिंह- फोटो : रणजीत कुमार

Patna : केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने 'एसआईआर' (SIR) के मुद्दे पर आए सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले का जोरदार स्वागत किया है। उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कोर्ट के इस आदेश ने साफ कर दिया है कि यह पूरी तरह से चुनाव आयोग का अधिकार क्षेत्र है। गिरिराज सिंह ने कहा कि चाहे बिहार का चुनाव हो, बंगाल का चुनाव हो या पूरे देश का, लालू यादव, तेजस्वी यादव और राहुल गांधी जैसे नेताओं ने हमेशा एसआईआर के नाम पर अपने चेहरों को छुपाने की कोशिश की, लेकिन आज अदालत के फैसले से सबके चेहरे पूरी तरह बेनकाब हो गए हैं।


संवैधानिक और व्यावहारिक था एसआईआर का कदमकोर्ट ने किया दूध का दूध और पानी का पानी

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ममता बनर्जी समेत विपक्षी दलों के तमाम नेताओं ने इस व्यवस्था को लेकर खूब राजनीति की और इसे गाली देने का काम किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि एसआईआर ने हमेशा वही काम किया जो पूरी तरह से संवैधानिक और व्यावहारिक था। यही वजह है कि देश की सर्वोच्च अदालत ने भी इस पर अपनी मुहर लगा दी है और दूध का दूध व पानी का पानी कर दिया है। अब विपक्ष के पास इस मुद्दे पर भ्रम फैलाने का कोई रास्ता नहीं बचा है।


भय से नहीं भरोसे से चलती है पार्टीबंगाल में ताश के पत्तों की तरह बिखर रही है टीएमसी

पश्चिम बंगाल की हालिया राजनीतिक हलचल और टीएमसी (TMC) के कई वार्ड पार्षदों द्वारा बीजेपी का दामन थामने पर गिरिराज सिंह ने बड़ा तंज कसा। उन्होंने कहा कि जिस तरह ताश के पत्तों का महल एक झटके में ढह जाता है, ठीक उसी तरह टीएमसी का पूरा किला ध्वस्त हो गया है। उन्होंने कहा कि कोई भी राजनीतिक दल भय और डर के बल पर नहीं, बल्कि जनता और कार्यकर्ताओं के भरोसे से चलता है। टीएमसी अब तक किसी 'डॉन' की तरह डरा-धमकाकर पार्टी चला रही थी, जिसका बिखरना बिल्कुल तय था।


दानापुर की घटना बेहद शर्मनाकएसएसपी और सिटी एसपी से फोन पर की बात

पटना के दानापुर में हुई आपराधिक घटना पर गहरा दुख और आक्रोश व्यक्त करते हुए केंद्रीय मंत्री ने इसे बेहद शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि जैसे ही उन्हें मीडिया और अन्य माध्यमों से इस घटना की भनक लगी, उन्होंने तुरंत पटना के एसएसपी और वेस्ट (पश्चिम) के एसपी दोनों वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर बात की। इसके साथ ही उन्होंने पीड़ित लड़की के पिता संतोष कुमार जी से भी सीधे बातचीत कर उन्हें ढांढस बंधाया और न्याय का पूरा भरोसा दिया।


दोषियों पर पुलिस की कार्रवाई पूरीऐसे दागी होटलों को तुरंत किया जाए सील

दानापुर मामले में पुलिसिया कार्रवाई की जानकारी देते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि इस मामले में कानून सम्मत जितनी भी कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए थी, पुलिस प्रशासन द्वारा वह पूरी की जा चुकी है। इसके साथ ही उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि जिस होटल में इस तरह की घिनौनी और अवैध घटना को अंजाम दिया गया, उसे तुरंत सील किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुशासन की सरकार में अपराधियों और उन्हें पनाह देने वालों के लिए कोई जगह नहीं है।


रणजीत की रिपोर्ट