सुपौल जिले के ललितग्राम को मिली बड़ी सौगात: सांसद और विधायक ने किया 31.80 करोड़ की रेलवे वाशिंग पिट परियोजना का शिलान्यास
Bihar News : लंबे समय की प्रतीक्षा के बाद आज आखिरकार सुपौल जिले को बड़ी सौगात मिल गई। सांसद दिलेश्वर कामैत और छातापुर विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू ने लंबे समय से प्रतीक्षित रेलवे वाशिंग पिट परियोजना का शिलान्यास किया...
Supaul : जिले के ललितग्राम में बुधवार को कोसी क्षेत्र के रेल ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया। लंबे समय से प्रतीक्षित रेलवे वाशिंग पिट परियोजना का शिलान्यास सांसद दिलेश्वर कामैत और छातापुर विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू ने संयुक्त रूप से किया। करीब 31.80 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से बनने वाली इस आधुनिक परियोजना को पूरे कोसी और मिथिलांचल क्षेत्र के रेल विकास के लिए मील का पत्थर माना जा रहा है। इस दौरान रेलवे के सहायक मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) संजय सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सांसद की पहल पर रेल मंत्रालय ने दी मंजूरी, खाली पड़ी 70 एकड़ जमीन का होगा सदुपयोग
शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद दिलेश्वर कामैत ने कहा कि ललितग्राम में रेलवे की लगभग 70 एकड़ बेशकीमती जमीन वर्षों से खाली पड़ी थी, जिसका उपयोग करने और यहां कोई बड़ा प्रोजेक्ट लाने की मांग स्थानीय लोग लगातार कर रहे थे। क्षेत्रवासियों की इस वाजिब मांग को उन्होंने पुरजोर तरीके से रेल मंत्रालय तक पहुंचाया। सांसद ने बताया कि दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से विशेष मुलाकात और चर्चा के बाद ललितग्राम में इस आधुनिक वाशिंग पिट सुविधा के निर्माण का रास्ता साफ हुआ, जिससे क्षेत्र की एक बड़ी मांग पूरी हो गई है।
कोसी में नई ट्रेनों के परिचालन की बाधा होगी दूर, स्थानीय स्तर पर ही होगा मेंटेनेंस
सांसद ने स्पष्ट किया कि कोसी क्षेत्र में लंबी दूरी की नई ट्रेनों के विस्तार और परिचालन में 'वाशिंग पिट' की अनुपलब्धता एक बहुत बड़ी बाधा बनी हुई थी। अब यहाँ आधुनिक तकनीक से लैस वाशिंग पिट तैयार हो जाने से ट्रेनों की धुलाई, सफाई, तकनीकी जांच और रख-रखाव (मेंटेनेंस) का सारा काम स्थानीय स्तर पर ही बेहद सुगम तरीके से हो सकेगा। इसके साथ ही परियोजना के तहत आवश्यक सीट लाइन, स्टेबल लाइन और अन्य अत्याधुनिक रेल सुविधाओं का भी व्यापक विकास किया जाएगा, जिससे ट्रेनों का परिचालन समयबद्ध और सुरक्षित होगा।
रोजगार के बढ़ेंगे अवसर, विधायक नीरज बबलू ने वीरपुर तक रेल विस्तार की उठाई मांग
मौके पर मौजूद विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू ने इस परियोजना के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वाशिंग पिट के निर्माण से न सिर्फ नई ट्रेनों के परिचालन का रास्ता साफ होगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और व्यवसाय के बड़े अवसर भी सृजित होंगे। इसके साथ ही उन्होंने मंच से रेलवे अधिकारियों के समक्ष क्षेत्र की अन्य प्रमुख मांगें भी रखीं, जिसमें ललितग्राम से वीरपुर तक रेलवे लाइन का विस्तार करने तथा रेलवे की बची हुई खाली भूमि पर स्थानीय विकास के लिए बड़े उद्योग स्थापित करने का आग्रह शामिल है।
डेढ़ वर्ष में पूरा होगा निर्माण कार्य, तीन विशेष ट्रैक से लैस होगी पूरी परियोजना
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से मिली तकनीकी जानकारी के अनुसार, इस पूरी परियोजना के अंतर्गत कुल तीन विशेष ट्रैक (रेलवे लाइन) विकसित किए जाएंगे। इनमें से एक ट्रैक का उपयोग मुख्य रूप से ट्रेनों की आधुनिक धुलाई के लिए किया जाएगा, जबकि अन्य दो ट्रैक का इस्तेमाल बोगियों की तकनीकी जांच और गहन रखरखाव के लिए होगा। इस पूरी परियोजना के निर्माण कार्य को आगामी डेढ़ वर्ष (18 महीने) के भीतर पूरा करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा गया है, जिसके शुरू होने से कोसी क्षेत्र में रेलवे सुविधाओं का तेजी से विस्तार होगा।
विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट