Bihar News: पटना में BRC कार्यालय में चोरी, लैपटॉप और शिक्षकों के रिकॉर्ड गायब, मचा हड़कंप

Bihar News: राजधानी पटना में इन दिनों अपराधियों का आतंक देखने को मिल रहा है। अपराधी एक के बाद एक आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे है। ताजा मामला बाढ़ का है। जहां अपराधियों ने बीआरसी कार्यालय में चोरी की घटना को अंजाम दिया है।

चोरों का आतंक - फोटो : reporter

Bihar News: पटना से सटे बाढ़ अनुमंडल के बाढ़ प्रखंड स्थित प्रखंड संसाधन केंद्र (BRC) में चोरों ने धावा बोलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर कार्यालय से लैपटॉप सहित कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड चुरा ले गए। घटना की जानकारी सोमवार सुबह तब हुई। जब कार्यालय खुला। वहीं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) सोनू कुमार ने बताया कि चोरों ने उनके कार्यालय से लैपटॉप के साथ-साथ कई दस्तावेज चोरी कर लिए हैं। इसके अलावा लेखापाल के कार्यालय में भी चोरी की घटना हुई है।

रिकॉर्ड की जांच जारी

BEO सोनू कुमार ने कहा कि, शिक्षकों से जुड़े कितने रिकॉर्ड चोरी हुए हैं, यह मिलान के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल सभी कागजात और दस्तावेजों को खंगाला जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बाढ़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे CCTV फुटेज खंगालने के साथ लोगों से पूछताछ भी कर रही है।

जांच में जुटी पुलिस 

मामले को लेकर बाढ़ के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि,  हमारे कार्यालय से लैपटॉप समेत कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड चोरी हो गए हैं। कितनी फाइलें गई हैं, यह पूरी जांच के बाद ही पता चलेगा। पुलिस को सूचना दे दी गई है और वह जांच कर रही है।

बाढ़ से रविशंकर की रिपोर्ट