Patna Ganga River Accident:गंगा स्नान के दौरान तीन महिलाएं डूबीं, एक बची, दो सगी बहनों की तलाश में रेस्क्यू अभियान जारी, शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं,

Patna Ganga River Accident: शादी समारोह में शामिल होने आई तीन महिलाएं गंगा स्नान के दौरान नदी की तेज धारा और गहराई की चपेट में आ गईं। ...

गंगा स्नान के दौरान तीन महिलाएं डूबीं- फोटो : reporter

Patna Ganga River Accident:शादी समारोह में शामिल होने आई तीन महिलाएं गंगा स्नान के दौरान नदी की तेज धारा और गहराई की चपेट में आ गईं।  पटना से सटे वैशाली जिले में आज यानी सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। शादी समारोह में शामिल होने आई तीन महिलाएं गंगा स्नान के दौरान नदी की तेज धारा और गहराई की चपेट में आ गईं। मौके पर मौजूद लोगों ने बहादुरी दिखाते हुए एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दो सगी बहनें गंगा की लहरों में लापता हो गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और गम का माहौल है।

यह हादसा वैशाली जिले के रुस्तमपुर थाना क्षेत्र स्थित कच्ची दरगाह गंगा घाट पर सोमवार सुबह करीब आठ बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, तीनों महिलाएं पटना जिले के नदी थाना क्षेत्र स्थित पक्की दरगाह में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने आई थीं। सुबह वे गंगा स्नान के लिए घाट पर पहुंचीं। स्नान के दौरान उन्हें नदी की गहराई का अंदाजा नहीं लग सका और देखते ही देखते तीनों महिलाएं डूबने लगीं।

घटना को देखकर घाट पर मौजूद लोगों ने तत्काल बचाव का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से एक महिला को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि दो अन्य महिलाएं तेज धारा में लापता हो गईं। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा रेस्क्यू अभियान शुरू कराया गया।बताया जा रहा है कि लापता दोनों महिलाएं आपस में सगी बहनें हैं। उनकी पहचान मीना देवी और सत्या देवी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों पटना जिले के दिदारगंज थाना क्षेत्र के रायबाग और काला दियर महादी इलाके की रहने वाली हैं। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और शादी का माहौल देखते ही देखते चीख-पुकार में बदल गया।

प्रशासन की ओर से गोताखोरों और स्थानीय बचाव दल की मदद से गंगा नदी में लगातार खोजबीन की जा रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक दोनों महिलाओं का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। पुलिस का कहना है कि रेस्क्यू अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक दोनों महिलाओं का पता नहीं चल जाता।इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और सावधानी की जरूरत को उजागर कर दिया है। बरसात के मौसम में नदी का जलस्तर और बहाव लगातार बदलता रहता है, ऐसे में प्रशासन लोगों से अपील कर रहा है कि स्नान के दौरान निर्धारित सुरक्षित स्थानों का ही उपयोग करें और गहरे पानी में जाने से बचें। फिलहाल पूरे क्षेत्र की निगाहें रेस्क्यू अभियान पर टिकी हैं और परिजन अपनों के सकुशल मिलने की दुआ कर रहे हैं।

रिपोर्ट- रजनीश कुमार