Bihar Politics: कानून सबके लिए बराबर, भाषा की मर्यादा रखें तेजस्वी... रिशु श्री टेंडर मामले पर सुनील कुमार का पलटवार, राबड़ी आवास पर भी दिया जवाब
Bihar Politics: रिशु श्री टेंडर मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आरोपों पर बिहार सरकार के मंत्री सुनील कुमार ने तीखा पलटवार किया है।
Bihar Politics: रिशु श्री टेंडर मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के आरोपों पर बिहार सरकार के मंत्री सुनील कुमार ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस पूरे मामले की जांच आर्थिक अपराध इकाई कर रही है और कानून सभी के लिए समान है। ऐसे में बिना पूरी जानकारी के राजनीतिक बयानबाजी करना उचित नहीं है। सुनील कुमार ने कहा कि तेजस्वी यादव नेता प्रतिपक्ष हैं, इसलिए उनका दायित्व है कि किसी भी मामले पर टिप्पणी करने से पहले उसके सभी तथ्यों और जांच की प्रक्रिया को समझें। उन्होंने कहा कि इस मामले में ईओयू के वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम और जांच की स्थिति सार्वजनिक कर दी है। इसलिए तथ्यों को नजरअंदाज कर आरोप लगाना राजनीति तो हो सकती है, लेकिन जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका नहीं।
मंत्री ने तेजस्वी यादव की बयानबाजी पर भी आपत्ति जताते हुए कहा कि उन्हें अपनी भाषा की मर्यादा बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी के खिलाफ कुछ भी कह देने से सच नहीं बदल जाता। सार्वजनिक जीवन में भाषा की गरिमा और शालीनता का पालन करना हर जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है।
सुनील कुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बचाव करते हुए कहा कि बिहार की जनता जानती है कि उन्होंने राज्य के विकास और सुशासन के लिए क्या काम किए हैं। उनके नेतृत्व में बिहार में कानून का राज स्थापित हुआ है और यही वजह है कि किसी भी मामले में जांच एजेंसियां स्वतंत्र रूप से अपना काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का स्पष्ट सिद्धांत है कि कानून के सामने सभी बराबर हैं और किसी के साथ पक्षपात नहीं किया जाएगा।
वहीं, राबड़ी आवास खाली करने के मुद्दे पर भी मंत्री ने विपक्ष के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह एक प्रशासनिक और कानूनी प्रक्रिया है। भवन निर्माण विभाग पहले ही इस संबंध में अपनी स्थिति स्पष्ट कर चुका है और निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही सरकारी आवास खाली कराया जा रहा है।सुनील कुमार ने कहा कि सरकारी आवासों के आवंटन और खाली कराने के लिए तय नियम हैं और सभी को उन्हीं नियमों का पालन करना होता है। उन्होंने दोहराया कि सरकार किसी के साथ भेदभाव नहीं कर रही, बल्कि नियमानुसार कार्रवाई कर रही है। उनके इस बयान के बाद एक बार फिर रिशु श्री टेंडर प्रकरण और राबड़ी आवास विवाद को लेकर बिहार की सियासत गरमा गई है।
रिपोर्ट- नरोत्तम कुमार सिंह