छठ महापर्व पर किये गए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम: राज्य के 377 संवेदनशील घाटों पर SDRF और NDRF तैनात, आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर हुए जारी
Chhath Puja 2026 : लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर राज्य भर के श्रद्धालुओं की सुरक्षा और किसी भी संभावित आपदा से बचाव के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देशानुसार व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
PATNA : छठ महापर्व के अवसर पर राज्य में श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं आपदा से बचाव के लिए माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देशानुसार आपदा प्रबंधन विभाग तथा सभी जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
इस क्रम में राज्य के विभिन्न छठ घाटों पर किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) तथा राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) की तैनाती की गई है। सभी जिला प्रशासन द्वारा राज्य के संवेदनशील 377 घाटों पर, जिसमें 254 छठ घाटों पर SDRF तथा 123 छठ घाटों पर NDRF की तैनाती की गई है। इसके साथ ही कुल 12806 घाटों पर स्थानीय गोताखोर व आपदा मित्र प्रतिनियुक्त किए गए हैं।
इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य छठ पर्व के दौरान घाटों पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य संचालित करना है। किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित सहायता हेतु आपदा प्रबंधन विभाग स्थित राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र (SEOC) के हेल्पलाइन नंबर- 0612-2294204/205
आपातकालीन सहायता नंबर- 1070 पर संपर्क किया जा सकता है।