Weather Update : छठ महापर्व पर बिहार में मौसम रहेगा साफ, देश के 16 राज्यों में बारिश और चक्रवाती तूफान का अलर्ट
Weather Update : छठ महापर्व के मौके पर बिहार में 15 नवंबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के सात दिनों के बारिश पूर्वानुमान में 15 से 20 नवंबर तक राज्य में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।
PATNA : बिहार में लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन यानी 15 नवंबर को मौसम पूरी तरह शुष्क और साफ रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के सात दिवसीय पूर्वानुमान के अनुसार, 15 से 20 नवंबर के बीच राज्य में बारिश की कोई संभावना नहीं है, जिससे व्रतियों और श्रद्धालुओं को काफी राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने इस दौरान गरज-चमक, वज्रपात (आकाशीय बिजली) या तेज आंधी-तूफान को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की है। हालाँकि, सुबह और शाम के समय तापमान में हल्की गिरावट आने से ठंड का अहसास जरूर बढ़ सकता है।
इन 16 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में बारिश के आसार
दूसरी ओर, देश के कई अन्य हिस्सों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। 15 नवंबर को देश के कुल 16 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में बारिश की संभावना जताई गई है। पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड, उत्तर और मध्य भारत: हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश, दक्षिण भारत: केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी, पूर्वी व पूर्वोत्तर क्षेत्र: पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, उत्तराखंड और राजस्थान में तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया किया गया है।
तेज हवा की चेतावनी
वहीँ उत्तराखंड और राजस्थान के कई इलाकों में बारिश के साथ-साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। उत्तराखंड: यहाँ हवा की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटा रह सकती है, जो झोंकों के साथ 50 किमी प्रति घंटा तक पहुँच सकती है। राजस्थान में भी 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और 50 किमी प्रति घंटे तक के तेज झोंके आने की संभावना है।
मौसम में बदलाव की मुख्य वजह
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, देश के मौसम में आए इस बदलाव के पीछे मुख्य रूप से एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) है। इसके साथ ही, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Area) अगले 24 घंटों में 'डिप्रेशन' और 16 नवंबर की शाम तक एक चक्रवाती तूफान (Cyclone) में बदल सकता है, जिस पर मौसम विभाग (IMD) की पैनी नजर बनी हुई है।