Chhath Puja 2026 : छठ महापर्व का तीसरा दिन आज: 36 घंटे के निर्जला व्रत के बीच व्रती देंगे संध्या अर्घ्य, जानें अपने शहर का शुभ मुहूर्त

Chhath Puja 2026 : छठ महापर्व 2026 में संध्या अर्घ्य रविवार, 15 नवंबर 2026 को और उषा अर्घ्य सोमवार, 16 नवंबर 2026 को दिया जाएगा। जानिए अपने शहर का शुभ मुहूर्त

Chhath Puja 2026 : छठ महापर्व का तीसरा दिन आज: 36 घंटे के नि
अर्घ्य का शुभ मुहूर्त - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : चार दिवसीय लोक आस्था के महापर्व छठ का अनुष्ठान पूरे भक्तिभाव और उल्लास के साथ जारी है। महापर्व के तीसरे दिन रविवार, 15 नवंबर 2026 को व्रती अस्ताचलगामी (डूबते हुए) सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित करेंगे। 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का पालन कर रहे व्रती अपने परिजनों के साथ पवित्र नदियों, तालाबों और कृत्रिम जलाशयों पर एकत्रित होकर भगवान भास्कर की आराधना करेंगे।

छठ महापर्व में संध्या अर्घ्य का विशेष धार्मिक महत्व है। इस अवसर पर व्रती सूर्यास्त से कुछ घंटे पहले ही पारंपरिक छठ गीतों के बीच घाटों पर पहुंचने लगते हैं। बांस के सूप और दउरे में ठेकुआ, नारियल, मौसमी फल तथा अन्य पारंपरिक पूजन सामग्रियों को सजाकर छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है। इसके पश्चात व्रती कमर भर पानी में खड़े होकर डूबते सूर्य को जल और दूध से अर्घ्य देते हैं।

द्रिक पंचांग के अनुसार, इस वर्ष 15 नवंबर को संध्या अर्घ्य और सोमवार, 16 नवंबर को उदीयमान (उगते हुए) सूर्य को उषा अर्घ्य दिया जाएगा। उषा अर्घ्य के साथ ही चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व का पारण और समापन होगा।

देश के प्रमुख शहरों में संध्या अर्घ्य (15 नवंबर - सूर्यास्त) और उषा अर्घ्य (16 नवंबर - सूर्योदय) का समय इस प्रकार है: पटना: संध्या अर्घ्य शाम 5:01 बजे | उषा अर्घ्य सुबह 6:07 बजे, गया: संध्या अर्घ्य शाम 5:03 बजे | उषा अर्घ्य सुबह 6:06 बजे, रांची: संध्या अर्घ्य शाम 5:04 बजे | उषा अर्घ्य सुबह 6:03 बजे, कोलकाता: संध्या अर्घ्य शाम 4:53 बजे | उषा अर्घ्य सुबह 5:50 बजे, वाराणसी: संध्या अर्घ्य शाम 5:10 बजे | उषा अर्घ्य सुबह 6:16 बजे, प्रयागराज: संध्या अर्घ्य शाम 5:14 बजे | उषा अर्घ्य सुबह 6:20 बजे, गोरखपुर: संध्या अर्घ्य शाम 5:06 बजे | उषा अर्घ्य सुबह 6:17 बजे, लखनऊ: संध्या अर्घ्य शाम 5:16 बजे | उषा अर्घ्य सुबह 6:26 बजे, कानपुर: संध्या अर्घ्य शाम 5:19 बजे | उषा अर्घ्य सुबह 6:28 बजे, नई दिल्ली: संध्या अर्घ्य शाम 5:28 बजे | उषा अर्घ्य सुबह 6:44 बजे, जयपुर: संध्या अर्घ्य शाम 5:36 बजे | उषा अर्घ्य सुबह 6:47 बजे, मुंबई: संध्या अर्घ्य शाम 6:00 बजे | उषा अर्घ्य सुबह 6:46 बजे

महापर्व को लेकर विभिन्न शहरों के छठ घाटों पर प्रशासन और पूजा समितियों की ओर से साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। स्थानीय भौगोलिक स्थिति के कारण विभिन्न शहरों में सूर्यास्त और सूर्योदय के वास्तविक समय में एक से दो मिनट का अंतर संभव है।