Bihar News: पटना में चैती छठ को लेकर बदली ट्रैफिक व्यवस्था, इन रास्तों पर 'नो एंट्री', कई पर रूट डायवर्ट, घर से निकलने से पहले देख लें पूरी खबर

Bihar News: पटना में चैती छठ पूजा को लेकरश्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। यातायात पुलिस ने शहर के कई प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन लागू करते हुए विशेष गाइडलाइन जारी की है

ट्रैफिक व्यवस्था- फोटो : social media

Bihar News: पटना में चैती छठ पूजा को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर यातायात पुलिस ने बड़े पैमाने पर रूट डायवर्जन लागू किया है। यह व्यवस्था 24 मार्च की दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक और 25 मार्च की रात 2 बजे से सुबह 8 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान कारगिल चौक से दीदारगंज तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। अशोक राजपथ के सभी एंट्री प्वाइंट भी सील रहेंगे। केवल छठव्रतियों के वाहनों को खजांची रोड के जरिए पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज परिसर तक पार्किंग के लिए जाने की अनुमति होगी।

इन रास्तों पर रोक 

दीघा मोड़ से आशियाना मोड़ (उत्तर से दक्षिण) की ओर वाहनों के परिचालन पर रोक रहेगी। वहीं, कारगिल चौक से शाहपुर तक छठव्रतियों के वाहनों को चलने की अनुमति दी गई है। 24 मार्च सुबह 10 बजे से 25 मार्च दोपहर 12 बजे तक निर्माण कार्य से जुड़े वाहनों का परिचालन भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था

गायघाट जाने वाले वाहनों को पुरानी या नई बाईपास के जरिए भेजा जाएगा। रामजीचक मोड़ से नहर रोड (नेहरू पथ) होते हुए वाहन अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। जेपी गंगा पथ का उपयोग पूरी तरह वर्जित रहेगा, जबकि कंगन घाट से मरीन ड्राइव की ओर पश्चिम दिशा में प्रवेश बंद रहेगा। जेपी सेतु पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। सेतु से पटना आने वाले वाहनों को गंगा पथ पर उतरने की अनुमति नहीं होगी, बल्कि उन्हें दीघा थाना होते हुए आगे बढ़ना होगा। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि 24 मार्च दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक और 25 मार्च सुबह 2 बजे से 9 बजे तक सोनपुर, छपरा और हाजीपुर जाने के लिए महात्मा गांधी सेतु का उपयोग करें।

अटल पथ और अन्य मार्गों पर प्रतिबंध

अटल पथ से जेपी सेतु/सोनपुर की ओर सामान्य वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। दीघा से आर-ब्लॉक की ओर भी वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। हालांकि, आपातकालीन वाहनों को अशोक राजपथ और रूपसपुर नहर रोड के जरिए वैकल्पिक मार्ग दिया गया है। दीघा, पाटीपुल, मीनार और अन्य घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं को अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा कर पैदल घाट तक जाना होगा। जेपी गंगा पथ पर किसी भी प्रकार की पार्किंग या वाहन परिचालन की अनुमति नहीं होगी।

पैदल जाएंगे घाट 

इसके अलावा पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज परिसर को पार्किंग स्थल बनाया गया है, जहां से श्रद्धालु पैदल घाटों तक पहुंचेंगे। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट डायवर्जन का पालन करें और अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें, ताकि पूजा के दौरान व्यवस्था सुचारू बनी रहे।