Bihar News: भाई को बचाने तालाब में कूदी बहन भी डूबी, दोनों की मौत से परिवार में मचा कोहराम, माँ का रो-रोकर बुरा हाल

Bihar News: बिहार के औरंगाबाद जिले में एक दर्दनाक हादसे में तालाब में डूबने से मासूम भाई-बहन की मौत हो गई। दोनों बच्चे मंगलवार से लापता थे, जिनके शव बुधवार सुबह बरामद होने के बाद इलाके में मातम पसर गया।

सगे भाई-बहन की दर्दनाक मौत - फोटो : social media

Bihar News:  बिहार के औरंगाबाद से बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां दो सगे भाई-बहनों की दर्दनाक मौत हो गई है। बताया जा रहा है भाई को तालाब में डुबता देख बहन उसे बचाने के लिए तालाब में कूद गई और दोनों की मासूमों की मौत हो गई।  घटना मदनपुर थाना क्षेत्र के बरछीवीर गांव के पास की है। जहां बुधवार सुबह दोनों बच्चों के शव तालाब से बरामद किए गए।

मंगलवार से थे लापता

मृतकों की पहचान तपसी नगर निवासी विक्की सिंह की पांच वर्षीय पुत्री वैष्णवी कुमारी (नंदू) और ढाई वर्षीय पुत्र रंजन कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे मंगलवार दोपहर से ही लापता थे। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। 

रात भर ढूंढती रही पुलिस 

रातभर पुलिस और परिजनों ने संभावित स्थानों उमगा पहाड़ पर चल रहे महायज्ञ समेत आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन बच्चों का पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह एक बच्चे की सूचना पर गांव के पास स्थित तालाब में तलाश की गई, जहां से दोनों मासूमों के शव बरामद हुए। शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बच्चों की मां पलक देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और वे बार-बार बेहोश हो जा रही थीं।

भाई को बचाने में बहन की गई जान

स्थानीय लोगों के अनुसार, ढाई वर्षीय रंजन का शव बिना कपड़ों के मिला। आशंका जताई जा रही है कि वैष्णवी अपने छोटे भाई को शौच के लिए तालाब किनारे लेकर गई होगी। इसी दौरान रंजन का पैर फिसल गया और उसे बचाने के प्रयास में वैष्णवी भी तालाब में कूद गई होगी, जिससे दोनों की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मदनपुर थानाध्यक्ष राजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय मुखिया और जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है।

परिजनों में कोहराम  

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि सरकारी प्रावधानों के तहत परिवार को सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। बच्चों के पिता विक्की सिंह मूल रूप से नालंदा के रहने वाले हैं और औरंगाबाद में रहकर गोलगप्पा व बर्फ बेचकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। इलाके में भी शोक की लहर है।