Bihar News : बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 4 लाख तक का लोन रहेगा जारी, सरकार ने रद्द किया पुराना आदेश
Bihar News : बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना में 4 लाख तक का शिक्षा ऋण पूर्ववत जारी रहेगा. राज्य सरकार ने 19 अगस्त के अपने ही आदेश को निरस्त कर दिया.......पढ़िए आगे
PATNA : राज्य सरकार के उच्च शिक्षा विभाग ने ‘बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना’ को लेकर विद्यार्थियों के हित में एक बड़ा और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। सरकार के नए आदेश के अनुसार, राज्य के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए 'बिहार राज्य शिक्षा वित्त निगम' के माध्यम से मिलने वाला ₹4 लाख तक का शिक्षा ऋण (एजुकेशन लोन) पूर्व की भांति मिलता रहेगा।
उच्च शिक्षा विभाग ने जारी की अधिसूचना
उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन के हवाले से जारी आधिकारिक अधिसूचना में कहा गया है कि इस योजना के तहत विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में राज्य सरकार द्वारा विस्तृत पुनर्विचार किया गया। सम्यक विचार-विमर्श के बाद पूर्व में जारी किए गए आदेश को तत्काल प्रभाव से रद्द करने का निर्णय लिया गया है।
19 अगस्त का पुराना संकल्प निरस्त
जारी नई अधिसूचना के अनुसार, विभाग द्वारा पूर्व में जारी संकल्प संख्या-1202 (दिनांक 19 अगस्त 2026) तथा उसकी कार्यान्वयन प्रक्रिया को पूरी तरह निरस्त कर दिया गया है। इसके साथ ही सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के अंतर्गत मिलने वाले लोन की पूरी प्रक्रिया पूर्ववत सुचारू रूप से जारी रहेगी।
विद्यार्थियों के लिए बड़ी राहत
सरकार के इस फैसले से राज्य में उच्च और तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने के इच्छुक हजारों छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत मिली है। लोन प्रक्रिया के पूर्ववत जारी रहने से अब विद्यार्थी बिना किसी वित्तीय बाधा या अनिश्चितता के अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे और योजना का पूरा लाभ उठा सकेंगे।