केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिहार को बताया ज्ञान की पावन धरती, गिनाईं केन्द्र सरकार के 12 साल के कार्यकाल की बड़ी उपलब्धियां

विकसित भारत सम्मेलन और जनसंपर्क अभियान में शामिल होने बिहार पहुंचे केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पीएम मोदी के 12 साल के कार्यकाल के उपलब्धियों को गिनाया। साथ ही बिहार की जमकर तारीफ की...

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिहार को बताया ज्ञान की पावन धरती- फोटो : वंदना शर्मा

Patna : केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज बिहार की राजधानी पटना में आयोजित 'विकसित भारत सम्मेलन' में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने राजधानी के विभिन्न इलाकों में आम जनता के बीच जनसंपर्क अभियान भी चलाया। इसके बाद मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने बिहार को ज्ञान की पावन धरती बताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले कार्यकाल की जमकर तारीफ की। शिवराज सिंह चौहान ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के लिए किसी भगवान के वरदान की तरह हैं। उनके कार्यकाल के इन 12 वर्षों में देश ने प्रगति के नए आयाम स्थापित किए हैं और हर क्षेत्र में ऐतिहासिक काम हुए हैं।"


2014 के बाद देश में आया क्रांतिकारी बदलाव 

केंद्रीय मंत्री ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि साल 2014 से पहले देश की क्या हालत थी, यह किसी से छिपी नहीं है; उस समय वैश्विक स्तर पर किसी का सम्मान नहीं था। साल 2014 में पीएम मोदी के आगमन के बाद 'राष्ट्र सर्वोपरि' की नीति लागू हुई। उन्होंने कहा कि इन 12 सालों में देश के भीतर से आतंकवाद को कुचल दिया गया है और नक्सलवाद पूरी तरह दम तोड़ चुका है। कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटा दिया गया है और राष्ट्रीय हित के साथ सरकार कोई समझौता नहीं कर रही है। उन्होंने पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए कहा कि अब वहाँ भी डबल इंजन की सरकार है।


केंद्रीय मंत्री द्वारा गिनाई गईं मोदी सरकार की 12 बड़ी उपलब्धियां: 

शिवराज सिंह चौहान ने अपने संबोधन के दौरान केंद्र सरकार की 12 प्रमुख उपलब्धियों और आंकड़ों को मीडिया के सामने रखा:

  1. गरीबी उन्मूलन: देश के करीब 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।
  2. पक्का मकान: योजना के तहत 4 करोड़ गरीबों को रहने के लिए पक्का मकान मिला।
  3. स्वास्थ्य सुरक्षा: आयुष्मान भारत योजना के तहत 60 करोड़ लोगों को मुफ्त इलाज का लाभ मिला है।
  4. लखपति दीदी: महिला सशक्तिकरण के तहत देश की 1 करोड़ बहनें 'लखपति दीदी' बनी हैं, जिससे लिंगानुपात भी 918 से सुधरकर 929 हो गया है।
  5. स्वरोजगार: स्वरोजगार के क्षेत्र में बड़ी क्रांति आई है, जिससे 57 करोड़ लोगों को लाभ मिला है और युवाओं के लिए 120 बड़े स्टार्टअप बने हैं।
  6. स्वच्छता अभियान: देश को खुले में शौच से मुक्त करने के लिए 12 करोड़ शौचालयों का निर्माण हुआ।
  7. मजबूत अर्थव्यवस्था और निर्यात: देश से रिकॉर्ड 79 लाख करोड़ रुपये का निर्यात हुआ है। रक्षा उपकरणों के मामले में अब हम आत्मनिर्भर बन रहे हैं और 38,400 करोड़ रुपये का रक्षा निर्यात कर रहे हैं।
  8. आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर: देश में वंदे भारत जैसी अत्याधुनिक ट्रेनें चल रही हैं, जिससे कनेक्टिविटी बेहद आसान हुई है। सेमीकंडक्टर और चिप निर्माण के क्षेत्र में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है।
  9. डिजिटल क्रांति: देश में यूपीआई (UPI) ट्रांजैक्शन 12 लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर विश्व रिकॉर्ड बना चुका है।
  10. खाद्यान्न सुरक्षा: देश में अन्न के भंडार भरे हैं। दुनिया की सबसे बड़ी खाद्यान्न सुरक्षा योजना के तहत 80 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन दिया जा रहा है।
  11. वित्तीय समावेशन: गरीबों को बैंकिंग सिस्टम से जोड़ने के लिए 51 करोड़ से अधिक जनधन खाते खोले गए हैं।
  12. सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और गुलामी के प्रतीकों की विदाई: गुलामी के प्रतीकों को हटाया जा रहा है। राजपथ अब 'कर्तव्य पथ' और मुगल गार्डन 'अमृत उद्यान' बन चुका है। इंडिया गेट पर नेताजी की मूर्ति लगी, अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण हुआ और काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर बनाया गया। इसके अलावा 1 करोड़ घरों के लिए 'पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' की शुरुआत हुई है।


किसानों को खाद पर सब्सिडी और मनरेगा बकाये का ऐलान 

कृषि मंत्री ने किसानों के हित में बात करते हुए कहा कि फसल बीमा योजना और पीएम किसान सम्मान निधि योजना से देश के अन्नदाताओं को निरंतर सीधी मदद मिल रही है। सरकार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर महंगी होने के बावजूद भारत के किसानों को यूरिया की बोरी सिर्फ 266 रुपये में उपलब्ध करा रही है। इसके साथ ही उन्होंने बिहार के संदर्भ में एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि आगामी 30 जून से पहले बिहार के मनरेगा कर्मियों और किसानों के सभी बकाये का शत-प्रतिशत भुगतान कर दिया जाएगा।


जुलाई से लागू होंगे नए कानून 

अंत में केंद्रीय मंत्री ने देश की न्यायिक और कानूनी व्यवस्था में होने वाले ऐतिहासिक बदलाव की ओर इशारा करते हुए बताया कि आगामी 1 जुलाई से देश में नए कानून (नए आपराधिक कानून/विधेयक) पूरी तरह लागू हो जाएंगे, जिससे आम जनता को त्वरित और सुलभ न्याय मिल सकेगा।


वंदना की रिपोर्ट