वैशाली के राघोपुर दियारा पहुंचे केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय, शोकाकुल परिवारों को हरसंभव मदद और सख्त सुरक्षा का दिया भरोसा

वैशाली जिले में हुए दर्दनाक नाव हादसे के बाद राघोपुर में नेताओं और मंत्रियों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी मे केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय राघोपुर पहुंच हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों और अन्य लोगों के शोकाकुल परिवार से मिले....

नाव हादसे के पीड़ित परिवार से मिले केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय- फोटो : नरोत्तम कुमार

Patna : वैशाली जिले के राघोपुर दियारा में हुए भीषण नाव हादसे के बाद पीड़ितों का हाल जानने के लिए केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले मासूम बच्चों और अन्य लोगों के शोकाकुल परिजनों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया।


केंद्र और राज्य सरकार पूरी मजबूती से पीड़ित परिवारों के साथ: नित्यानंद राय

पीड़ित परिवारों से मिलते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गहरी संवेदनाएं इस त्रासदी से प्रभावित परिवारों के साथ हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र और राज्य सरकारें पीड़ित परिवारों की हरसंभव सहायता और पुनर्वास के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।


मुआवजे की घोषणा: पीएमआरएफ से 2 लाख और मुख्यमंत्री राहत कोष से 4 लाख रुपये देने का प्रावधान

इस दुखद हादसे को लेकर आर्थिक सहायता की घोषणा करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMRF) से प्रत्येक मृतक के परिवार को 2 लाख रुपये, घायलों को 50-50 हजार रुपये तथा मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक पीड़ित परिवार को 4-4 लाख रुपये की मुआवजा राशि देने की घोषणा की गई है।


नावों की मरम्मत और सुरक्षित परिचालन को लेकर प्रशासन को दिए कड़े निर्देश

नित्यानंद राय ने वैशाली के जिलाधिकारी को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी टूटी, खराब या क्षतिग्रस्त नावों की अच्छी तरह मरम्मत कराने के बाद ही उनके नदी में परिचालन को सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जोर दिया कि नदी में चलने वाली हर नाव पर लोगों की सुरक्षा और उनके परिवारों की उम्मीदें जुड़ी होती हैं, इसलिए इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही, उन्होंने बिहार सरकार के आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा से बात कर जर्जर नावों के परिचालन पर पूरी तरह रोक लगाने और सुरक्षित साधनों के उपयोग का निर्देश जारी करने को कहा।


मासूमों की मौत पर गहरी पीड़ा व्यक्त, प्रशासन हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मासूम बच्चों और अन्य लोगों की असामयिक मृत्यु बेहद हृदयविदारक है और इस अपूरणीय क्षति की भरपाई किसी भी तरह संभव नहीं है। सरकार इस संकट की घड़ी में पूरी मजबूती से पीड़ितों के साथ खड़ी है और उन्हें हर मुमकिन मदद मुहैया कराई जाएगी।


नरोत्तम की रिपोर्ट