बाइक स्टंट करना पड़ा भारी : यातायात पुलिस ने की सख्त कार्रवाई, लगाया 12-12 हजार का जुर्माना

सड़क खतरनाक बाइक स्टंट कर खुद और दूसरो के जान के लिए खतरा पैदा करने वालों के खिलाफ नवादा पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने इस मामले में दो युवक पर कार्रवाई करते हुए 12-12 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है......

बाइक स्टंट करना पड़ा भारी : यातायात पुलिस ने की सख्त कार्रवा
बाइक स्टंट करना पड़ा भारी- फोटो : अमन सिन्हा

Nawada : जिले में सड़क पर खतरनाक तरीके से बाइक स्टंट करने वाले दो युवकों को कानून तोड़ना भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर उनके स्टंट का वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद हरकत में आई यातायात पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को पकड़ लिया और उनकी बाइक जब्त कर ली।


जानलेवा स्टंटबाजी का वीडियो हुआ था वायरल

बताया जा रहा है कि दोनों युवक अपनी बाइक से सड़क पर तेज रफ्तार में खतरनाक और स्टंटबाजी वाले करतब दिखा रहे थे। इस दौरान किसी ने उनका वीडियो बना लिया और इसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया और यातायात पुलिस के पास पहुंच गया।


यातायात थाना प्रभारी विंध्याचल कुमार के नेतृत्व में की गई कार्रवाई

मामले की गंभीरता को देखते हुए यातायात थाना प्रभारी विंध्याचल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत एक्शन लिया। पुलिस ने दोनों युवकों को चिह्नित कर थाने बुलाया और मोटर व्हीकल नियमों के उल्लंघन के तहत दोनों पर 12-12 हजार रुपये का भारी-भरकम जुर्माना लगाया।


गलती का अहसास होने पर युवकों ने मांगी माफी

पुलिस हिरासत में आने और की गई सख्त कार्रवाई के बाद दोनों युवकों को अपनी गलती का गहरा अहसास हुआ। उन्होंने पुलिस के सामने अपनी इस हरकत के लिए माफी मांगी और भविष्य में कभी भी सड़क पर इस तरह का खतरनाक स्टंट या लापरवाही नहीं दोहराने का आश्वासन दिया।


सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस का स्पष्ट संदेश, हुड़दंगियों पर रहेगी पैनी नजर

नवादा यातायात पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया है कि सड़क पर स्टंटबाजी और कानून की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। ऐसे स्टंट न केवल चालकों की अपनी जान जोखिम में डालते हैं, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य आम नागरिकों के लिए भी बड़ा खतरा साबित होते हैं।


अमन सिन्हा की रिपोर्ट