उपेन्द्र कुशवाहा ने बुलाई 18 जुलाई को RLM की बैठक, पटना में लेंगे पार्टी से जुड़ा बड़ा फैसला

RLM के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा के नेतृत्व में राष्ट्रीय लोक मोर्चा बिहार में संगठन विस्तार और जनसरोकारों के मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय है। 18 जुलाई की बैठक बेहद अहम मानी जा रही है

Upendra Kushwaha- फोटो : news4nation

Bihar News :  राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) बिहार प्रदेश के नवनिर्वाचित जिला अध्यक्षों की एक दिवसीय महत्वपूर्ण बैठक 18 जुलाई को पटना में आयोजित की जाएगी। बैठक का आयोजन सुबह 11 बजे प्रदेश कैंप कार्यालय, 24M, स्ट्रैंड रोड, पटना में होगा।


पार्टी के प्रदेश प्रधान महासचिव हिमांशु पटेल की ओर से जारी पत्र के अनुसार, बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा जिला स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।


प्रदेश प्रवक्ता नितिन भारती ने बताया कि यह बैठक संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इसमें सभी नवनिर्वाचित जिला अध्यक्षों को अपने-अपने जिलों में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और जनसंपर्क कार्यक्रमों को गति देने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित जिला अध्यक्षों को शुभकामनाएं देते हुए निर्धारित समय पर अनिवार्य रूप से बैठक में शामिल होने का आग्रह किया है।


नितिन भारती ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा के नेतृत्व में राष्ट्रीय लोक मोर्चा बिहार में संगठन विस्तार और जनसरोकारों के मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय है। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए पार्टी बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। ऐसे में 18 जुलाई की यह बैठक आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और संगठनात्मक अभियान की दिशा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।