मेरठ, आगरा जैसा रांची में खौफनाक वारदात : प्रेमी संग मिलकर पति का रेता गला, धड़ जलाया और 10 किमी दूर गाड़ा सिर

झारखंड की राजधानी रांची से एक ऐसी हत्या की घटना सामने आई है जिसने आगरा के रूबी और मेरठ के नीले ड्रम वाले मुस्कान हत्याकांड की खौफनाक यादें ताजा कर दी हैं......

मेरठ, आगरा जैसा रांची में खौफनाक वारदात : प्रेमी संग मिलकर प
ब्लाइंड मर्डर का खुलासा- फोटो : न्यूज4नेशन

Ranchi : झारखंड की राजधानी रांची से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने आगरा के रूबी कांड और मेरठ के नीले ड्रम वाले मुस्कान हत्याकांड की खौफनाक यादें ताजा कर दी हैं। बुंडू थाना क्षेत्र में एक कलयुगी पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर न केवल अपने पति की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी, बल्कि साक्ष्य छुपाने के लिए उसके धड़ को आग के हवाले कर दिया और कटे हुए सिर को घटनास्थल से 10 किलोमीटर दूर जमीन में दफना दिया। हत्याकांड के 17 दिन बाद पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मृतक का सिर बरामद कर मामले का सनसनीखेज खुलासा किया है।


अधजले और बिना सिर के शव से खुला राज

इस वीभत्स हत्याकांड की शुरुआत बीती 19 जून को हुई, जब बुंडू थाना पुलिस को सुमंडीह महादेव टांड़ के पास झाड़ियों से एक अज्ञात अधजला शव बरामद हुआ। शव का सिर गायब था, जिससे उसकी पहचान करना बेहद मुश्किल था। हालांकि, मृतक के हाथ की कलाई पर 'संजय पाल' गुदा हुआ था, जो जांच का मुख्य सुराग बना। रांची पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण, वैज्ञानिक पद्धति और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेट्री (FSL) की मदद से जांच आगे बढ़ाई, तो कड़ियां जुड़ती चली गईं और मृतक की पहचान तमाड़ निवासी संजय लोहरा के रूप में हुई।


प्रेम-प्रसंग के विरोध पर रची गई खौफनाक साजिश

डीएसपी ओम प्रकाश ने मंगलवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक संजय लोहरा की पत्नी का नीचे टोला के रहने वाले एक युवक के साथ काफी समय से अवैध प्रेम-प्रसंग चल रहा था। जब संजय को इस बात की भनक लगी, तो उसने इसका कड़ा विरोध किया, जिसे लेकर पति-पत्नी और प्रेमी के बीच कई बार हिंसक विवाद भी हुआ था। इसके बाद पत्नी ने अपने रास्ते से पति को हमेशा के लिए हटाने के लिए अपने प्रेमी के साथ मिलकर मौत की एक खौफनाक साजिश रच डाली।


शौच के बहाने रुकवाई बाइकफिर किया हमला

साजिश के तहत, शादी समारोहों में रसोइया (कुक) का काम करने वाली पत्नी ने 18 जून को संजय से सोनाहातू में एक शादी में चलने का आग्रह किया। दोनों बाइक से वहां गए, लेकिन लौटते समय सोनाहातू-बुंडू बॉर्डर के पास पत्नी ने शौच करने के बहाने बाइक रुकवाई। पहले से घात लगाए बैठे प्रेमी और उसके दो अन्य साथियों ने संजय पर लाठियों से ताबड़तोड़ हमला कर उसे अचेत (बेहोश) कर दिया। इसके बाद वे उसे कार में डालकर महादेव टांड़ ले गए, जहां धारदार हथियार से उसका गला काटकर सिर धड़ से अलग कर दिया गया।


साक्ष्य मिटाने के लिए धड़ फूंकाजंगल में दफनाया सिर

क्रूरता की हदें पार करते हुए आरोपियों ने पहचान मिटाने के लिए संजय के धड़ को वहीं फूंक दिया। इसके बाद वे कटे हुए सिर को कार में रखकर वहां से 10 किलोमीटर दूर सुंदरडीह रानी वन (तमाड़ के जंगल) ले गए और जमीन के अंदर गहरा दफन कर दिया। वारदात के बाद पत्नी और प्रेमी फरार हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में कुल चार आरोपियों में से पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है, जिनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कार और जमीन में गाड़ा गया सिर बरामद कर लिया गया है। शेष दो फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।


ब्यूरो रिपोर्ट न्यूज4नेशन