Bihar News : देश विदेश में जलवे बिखेरने के बिहार में चौके छक्के लगायेंगे वैभव सूर्यवंशी, राजगीर क्रिकेट स्टेडियम में रणजी ट्रॉफी में खेलेंगे मुकाबले

Bihar News : देश-विदेश में अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवा चुके बिहार के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी के चौके-छक्के अब राजगीर के अत्याधुनिक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में देखने को मिल सकते हैं।

बिहार में खेलेंगे वैभव सूर्यवंशी - फोटो : SOCIAL MEDIA

PATNA : बिहार के खेल प्रेमियों और क्रिकेट प्रशंसकों के लिए एक बड़ी खबर है। देश-विदेश में अपनी बल्लेबाजी का लोहा मनवा चुके बिहार के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी के चौके-छक्के अब राजगीर के अत्याधुनिक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में देखने को मिल सकते हैं। दरअसल, आगामी रणजी ट्रॉफी सत्र के मैचों का आयोजन अब पटना के बजाय नालंदा जिले के राजगीर में कराने की तैयारी चल रही है।

मोइनुल हक स्टेडियम में पुनर्निर्माण के कारण बदला वेन्यू

पटना का ऐतिहासिक मोइनुल हक स्टेडियम वर्तमान में पुनर्निर्माण (रिनोवेशन) के दौर से गुजर रहा है। स्टेडियम को नए सिरे से विश्वस्तरीय बनाने का काम जारी होने के कारण यहाँ फिलहाल क्रिकेट मैचों का आयोजन संभव नहीं है। इसी को ध्यान में रखते हुए बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने राज्य सरकार से आगामी रणजी मुकाबलों की मेजबानी राजगीर क्रिकेट स्टेडियम को सौंपने का विशेष आग्रह किया है।

खेल मंत्री को भेजा गया पत्र, सरकार की मंजूरी का इंतजार

बीसीए (BCA) द्वारा राजगीर में मैचों के सफल आयोजन की अनुमति के लिए बिहार के खेल मंत्री को एक आधिकारिक पत्र भेजा गया है। यदि राज्य सरकार की ओर से इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिल जाती है, तो यह पहला ऐतिहासिक मौका होगा जब राजगीर का नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम रणजी ट्रॉफी के किसी बड़े मुकाबले की मेजबानी करेगा।

सुरक्षा कारणों से दर्शकों की एंट्री पर रहेगा प्रतिबंध

हालांकि, खेल प्रेमियों के लिए एक थोड़ी निराशाजनक खबर भी है। स्टेडियम में अभी सुरक्षा व्यवस्था और कुछ बुनियादी सुविधाओं (इंफ्रास्ट्रक्चर) पर काम चल रहा है, जिसे देखते हुए खिलाड़ियों और मैच की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इसी वजह से इस बार रणजी मैचों के दौरान दर्शकों को स्टेडियम के भीतर आकर मैच देखने की अनुमति नहीं मिलेगी। मैच खाली स्टेडियम (क्लोज्ड डोर्स) में खेले जाएंगे।

बिहार खेलेगा तीन अहम मुकाबले, उत्तर प्रदेश से होगी पहली भिड़ंत

रणजी सत्र के आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, बिहार की टीम अपने घरेलू मैदान पर तीन बेहद महत्वपूर्ण मुकाबले खेलने वाली है। पहला मुकाबला 11 से 14 अक्टूबर के बीच मजबूत उत्तर प्रदेश (UP) की टीम के खिलाफ खेला जाएगा। दूसरा मुकाबला 17 से 20 जनवरी तक बिहार की भिड़ंत जम्मू-कश्मीर की टीम से होगी। तीसरा मुकाबला घरेलू अभियान का अंतिम मैच 24 से 27 जनवरी तक पूर्व चैंपियन विदर्भ के खिलाफ होगा। अब बिहार के क्रिकेट गलियारों से लेकर खिलाड़ियों तक, सभी की निगाहें राज्य सरकार की अंतिम आधिकारिक मंजूरी पर टिकी हुई हैं।