सीएम सम्राट के बाद एक्शन में विजय चौधरी, जदयू ऑफिस से लापरवाह अफसरों को सख्त चेतावनी, शराबबंदी पर बड़ा फरमान
“सहयोग” (Sahyog) पोर्टल शुरू होने के बाद अब जदयू कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और मंत्री शीला कुमारी मंडल ने लोगों की समस्याएं सुनीं।
Vijay Chaudhary : बिहार में जनता की शिकायतों के त्वरित समाधान को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली NDA सरकार एक्शन मोड में नजर आ रही है। एक दिन पहले सरकार ने “सहयोग” (Sahyog) पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर 1100 लॉन्च किया था, वहीं मंगलवार को जनता दल यूनाइटेड कार्यालय में जनसुनवाई कार्यक्रम की शुरुआत कर दी गई। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं और यह व्यवस्था लगातार जारी रहेगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर है।
जदयू कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी और मंत्री शीला कुमारी मंडल ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विजय चौधरी ने कहा कि सरकार पहले से जनसुनवाई कार्यक्रम चलाती रही है और अब इसे और व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि रोजाना जदयू कार्यालय में मंत्रियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, जहां आम लोग सीधे अपनी समस्याएं रख सकेंगे।
30 दिनों में समस्या का निपटारा
इस बीच मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा शुरू किए गए “सहयोग” पोर्टल और हेल्पलाइन 1100 को लेकर भी सरकार ने बड़ा दावा किया है। नई व्यवस्था के तहत लोग घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेंगे। शिकायतों का निपटारा 30 दिनों के भीतर करना अनिवार्य होगा। यदि तय समय में समाधान नहीं हुआ तो 31वें दिन संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई या स्वतः निलंबन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। हेल्पलाइन सेवा सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक संचालित होगी।
पीएम मोदी की अपील का समर्थन
जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान विजय चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोना कम खरीदने और तेल बचाने की अपील का भी समर्थन किया। उन्होंने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों से जुड़ा मामला है और प्रधानमंत्री ने लोगों को सुझाव दिया है, कोई आदेश नहीं। चौधरी ने कहा कि यदि लोग इस अपील का पालन करेंगे तो देश की विदेशी मुद्रा की बचत होगी। कांग्रेस के तंज पर उन्होंने कहा कि विपक्ष को समस्याओं के समाधान से कोई लेना-देना नहीं है।
शराबबंदी हो पूरी तरह लागू
वहीं विकास भवन में शराब की बोतल मिलने के मामले पर उपमुख्यमंत्री ने सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि बिहार में शराबबंदी कानून पूरी तरह लागू है और शराब रखने या पीने दोनों पर कार्रवाई होती रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को भी कानून का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का संदेश दिया।