Bihar Weather: बिहार में एक बार फिर सताएगा ठंड, पहाड़ों के बर्फबारी से बढ़ेगी कनकनी, जानें आज कैसा रहेगा आपके शहर का हाल
Bihar Weather: बिहार में फिलहाल ठंड से लोगों को राहत मिल रही है, लेकिन पहाड़ों पर होने वाली बर्फबारी से ठंड एक बार फिर बढ़ सकती है। ऐसे लोगों को सर्तक रहने की आवश्कता है।
Bihar Weather: बिहार में आगामी 48 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, रविवार को पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी और उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों के कुछ हिस्सों में घना कोहरा छाने की संभावना है, जबकि राज्य के अन्य भागों में सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे का असर रहेगा।
तीन फरवरी को घने कोहरे की चेतावनी
तीन फरवरी को पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा और पूर्णिया जिलों में कुछ स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है। राज्य के शेष हिस्सों में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना बनी रहेगी।
पिछले 24 घंटे का मौसम अपडेट
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार का मौसम शुष्क रहा। पटना मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, औरंगाबाद में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस बांका में रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया में अति घना कुहासा छाया रहा, जबकि अन्य जिलों में हल्के से मध्यम स्तर का कुहासा देखा गया।
नवादा रहा सबसे गर्म जिला
शनिवार को नवादा जिला सबसे गर्म रहा, जहां नारदीगंज प्रखंड में अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम सेवा केंद्र के अनुसार, गया, औरंगाबाद और कैमूर (भभुआ) जिलों में भी दिन के समय सामान्य से अधिक तापमान रहने की संभावना है। उत्तर बिहार के हिस्सों में मध्यम से घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।
पछुआ हवा का प्रभाव
राज्य में आज मध्यम गति की पछुआ हवा चलने का पूर्वानुमान है। पिछले 24 घंटों में बिहार के 16 जिलों में न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है, जबकि अन्य जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से ऊपर रहा है।