मोकामा में शादी की खुशियाँ मातम में बदलीं : डीजे और पटाखे को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष, इलाके मे तनाव

डीजे और पटाखे को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष- फोटो : रवि शंकर

Patna : पटना जिले के मरांची थाना क्षेत्र अंतर्गत शेरपुर चौक के पास बुधवार को शादी की रस्म के दौरान डीजे और पटाखे छुड़ाने को लेकर दो पक्षों में भीषण मारपीट हो गई। देखते ही देखते पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जहां डंडे और ईंट-पत्थर जमकर चले। इस हिंसक झड़प में दोनों पक्षों के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव व्याप्त है, जिसे देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।


पटाखे की चिंगारी से भड़की हिंसा 

प्राप्त प्राथमिक सूचना के अनुसार, मरांची के शेरपुर चौक के पास से एक शादी की रस्म के दौरान डीजे के साथ जुलूस गुजर रहा था। इसी दौरान फोड़े जा रहे पटाखों की चिंगारी पास के स्थानीय लोगों के घरों में जा गिरी। घर में पटाखे जाने से नाराज स्थानीय लोगों ने जब इसका विरोध किया, तो कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते बहस ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों ओर से लोग लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए।


रणक्षेत्र बना इलाकाजमकर चले ईंट-पत्थर 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मारपीट काफी देर तक चलती रही। दोनों पक्षों की ओर से हुई ईंट-पत्थाबाजी में कई लोग लहूलुहान हो गए। सड़क पर अफरातफरी का माहौल कायम हो गया और राहगीर अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस संघर्ष में घायल हुए सभी लोगों को तुरंत स्थानीय मरांची प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।


पुलिस ने संभाली कमानस्थिति अब नियंत्रण में 

घटना की सूचना मिलते ही मरांची थाने की पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुँची। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों पक्षों को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस की मौजूदगी के कारण फिलहाल मामला शांत है, लेकिन गांव में अभी भी दबी जुबान में तनाव देखा जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपद्रव करने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा।


मामले की छानबीन में जुटी पुलिस 

मरांची थाना पुलिस ने इस मामले में दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हिंसा की शुरुआत किसने की और माहौल खराब करने के पीछे कौन लोग शामिल थे। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने अपील की है कि लोग किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।

रविशंकर की रिपोर्ट