बिहार पुलिस में  ‘अभिनायक लिपिक’ पदों पर भर्ती की लिखित परीक्षा संपन्न, इतने पदों पर होनी है बहाली

20 मई 2026 को लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में कुल 1006 अभ्यर्थियों के लिए राजकीय बालक उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर, पटना को परीक्षा केंद्र बनाया गया था।

Bihar Police- फोटो : news4nation

Bihar Police :  बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग ने गृह रक्षक (दैनिक कर्तव्य भत्ता भोगी खिलाड़ी सहित) श्रेणी में ‘अभिनायक लिपिक’ पदों पर भर्ती के लिए आयोजित लिखित प्रतियोगिता परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न होने की जानकारी दी है। आयोग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कुल 64 रिक्तियों के लिए यह परीक्षा बुधवार को आयोजित की गई।


आयोग द्वारा जारी विज्ञापन संख्या 02/2026 के तहत 1 जनवरी 2026 को भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी। इसके तहत 20 मई 2026 को लिखित परीक्षा का आयोजन किया गया। परीक्षा में कुल 1006 अभ्यर्थियों के लिए राजकीय बालक उच्च माध्यमिक विद्यालय, शास्त्रीनगर, पटना को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। परीक्षा एक पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की गई। आयोग ने परीक्षा को शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त और स्वच्छ तरीके से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे।


परीक्षा केंद्रों पर जैमर की व्यवस्था की गई थी, जबकि सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी गई। इसके अलावा VoIP फोन हॉटलाइन, अभ्यर्थियों की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी, बायोमेट्रिक पंजीकरण जैसी व्यवस्थाएं भी लागू की गईं। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई।


आयोग के अनुसार, परीक्षा में करीब 75 प्रतिशत अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई। परीक्षा केंद्र पर किसी प्रकार की अव्यवस्था या कदाचार की सूचना नहीं मिली। आयोग ने केंद्राधीक्षक, प्रशासन, पुलिस बल और अभ्यर्थियों के सहयोग के लिए आभार जताया है।

वंदना की रिपोर्ट