YouTube Down: YouTube का 'ब्लैकआउट'! सुबह सुबह ठप हुई सर्विस, भारत समेत पूरी दुनिया में सर्वर डाउन, कंपनी की अपील
YouTube Down: आज सुबह जैसे ही दुनिया भर के करोड़ों लोगों ने अपनी दिनचर्या शुरू करने के लिए यूट्यूब (YouTube) खोला, उन्हें एक बड़ा झटका लगा। भारत समेत पूरी दुनिया में यूट्यूब की सेवाएं अचानक ठप (Down) हो गई हैं।
YouTube Down: भारत सहित कई देशों में सुबह सुबह वीडियो प्लेटफॉर्म YouTube की सेवाएं अचानक ठप हो गईं। यूजर्स की तमाम कोशिशों के बावजूद यूट्यूब नहीं खुल रहा था। पहले यूजर्स को लगा कि इंटरनेट कनेक्शन के कारण यूट्यूब नहीं खुल रहा लेकिन धीरे धीरे यह समस्या सबके साथ होने लगी और सोशल मीडिया पर यह खबर जंगल में लगी आग की तरह फैल गई। ऐप और वेबसाइट खोलने पर लोगों को स्क्रीन पर “Something Went Wrong” का एरर मैसेज दिखाई दे रहा है, जिसके कारण वीडियो देखना, अपलोड करना और सर्च करना प्रभावित हो गया।
सुबह सुबह ठप हुआ YouTube
दरअसल, इस तकनीकी गड़बड़ी का असर सिर्फ YouTube तक सीमित नहीं रहा। कई यूजर्स ने Google की अन्य सेवाओं, Amazon Web Services और Cloudflare में भी दिक्कत आने की शिकायत की है, जिससे यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि समस्या बड़े स्तर की सर्वर या नेटवर्क बाधा से जुड़ी हो सकती है।
कई देशों में दिखा असर
यह आउटेज सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, ब्राजील और जर्मनी समेत कई देशों में लाखों यूजर्स प्रभावित हुए हैं। इससे साफ है कि यह समस्या वैश्विक स्तर पर फैली हुई है और सबसे अधिक असर अमेरिका में देखा गया है। आउटेज ट्रैकिंग वेबसाइट DownDetector के मुताबिक, अमेरिका में अकेले 2 लाख से ज्यादा शिकायतें दर्ज की गईं, जबकि वैश्विक स्तर पर यह संख्या 10 लाख के पार पहुंच गई है।
YouTube TV पर भी पड़ा असर
इस तकनीकी बाधा का असर लाइव टीवी स्ट्रीमिंग सेवा YouTube TV पर भी पड़ा है। करीब 10 हजार आउटेज रिपोर्ट्स दर्ज की गईं, जिससे साफ है कि समस्या सिर्फ मुख्य वीडियो प्लेटफॉर्म तक सीमित नहीं रही। DownDetector के आंकड़ों के अनुसार, लगभग 56 प्रतिशत यूजर्स को ऐप इस्तेमाल करने में परेशानी हुई, 17 प्रतिशत वेबसाइट तक पहुंच नहीं बना सके, जबकि करीब 15 प्रतिशत लोग लॉग-इन करने में असफल रहे। कई यूजर्स ने वीडियो प्लेबैक फेल होने, अकाउंट एक्सेस में दिक्कत और लाइव स्ट्रीमिंग रुकने की शिकायत भी की।
कंपनी ने मानी समस्या
YouTube की टीम ने आधिकारिक तौर पर सर्विस ठप होने की पुष्टि करते हुए कहा है कि वे समस्या की जांच कर रहे हैं। YouTube ने कहा कि, "अगर आपको अभी YouTube एक्सेस करने में परेशानी हो रही है, तो आप अकेले नहीं हैं — हमारी टीमें इस मामले की जांच कर रही हैं और यहां अपडेट देती रहेंगी"।हालांकि, खबर लिखें जाने तक कई स्थानों पर सेवाएं बहाल हो गई है।
होमपेज दिखाई देने हुआ शुरु
वहीं यूट्यूब की ओर से एक ओर ट्विट कर लिखा गया है कि, "हमारे अनुशंसा सिस्टम में एक समस्या के कारण YouTube के सभी प्लेटफॉर्म (होमपेज, YouTube ऐप, YouTube Music और YouTube Kids सहित) पर वीडियो दिखाई नहीं दे रहे थे। होमपेज अब फिर से दिखाई देने लगा है, लेकिन हम अभी भी पूरी तरह से समस्या को ठीक करने पर काम कर रहे हैं - जल्द ही और जानकारी मिलेगी!"