Bihar Crime: बिहार में मानव तस्करी का भंडाफोड़, जबरन निकाह की साज़िश नाकाम, 20 हज़ार में मासूम का सौदा!

Bihar Crime: बिहार से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। महज़ 20 हजार रुपये में एक किशोरी का सौदा कर उसे जबरन शादी के लिए राजस्थान ले जाया जा रहा था। ...

gopalganj Human Trafficking Racket Busted
बिहार में मानव तस्करी का भंडाफोड़- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। महज़ 20 हजार रुपये में एक किशोरी का सौदा कर उसे जबरन शादी के लिए राजस्थान ले जाया जा रहा था। लेकिन ऐन वक्त पर लड़की की हिम्मत और स्थानीय लोगों की सतर्कता से यह खौफनाक साज़िश बेनकाब हो गई।

मामला गोपालगंज के नगर थाना क्षेत्र के बंजारी स्थित बब्लू पेट्रोलियम के पास का है। बताया जा रहा है कि बेतिया की रहने वाली एक किशोरी को बहला-फुसलाकर दलालों ने अपने जाल में फंसा लिया। आरोप है कि बिचौलियों के जरिए 20 हजार रुपये में उसका सौदा तय हुआ और उसे जबरन राजस्थान के जयपुर ले जाकर निकाह कराने की तैयारी थी।

जैसे ही संदिग्ध वाहन गोपालगंज पहुंचा, किशोरी को साजिश की भनक लगी। उसने जान की परवाह किए बगैर शोर मचाना शुरू कर दिया। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर जुट गए। हालात भांपते ही स्थानीय लोगों ने फौरन डायल 112 पर इत्तला दी।

सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। मौके से तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया, जबकि दो मुल्जिम अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, राजस्थान से आए पांच लोग लड़की को जबरन ले जा रहे थे। साथ मौजूद एक महिला ने दावा किया कि लड़की के पिता को 80 हजार रुपये अदा किए गए हैं, जिससे मामला और पेचीदा हो गया।

डायल 112 के एसआई सुनील कुमार ठाकुर ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम ने फुर्ती दिखाते हुए कार्रवाई की। किशोरी ने अपने बयान में साफ कहा कि उसे उसकी मर्जी के खिलाफ ले जाया जा रहा था। विरोध करने पर उसे डराया-धमकाया गया। फिलहाल पुलिस तफ्तीश में जुटी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। यह वारदात एक बार फिर मानव तस्करी के काले कारोबार की हकीकत उजागर करती है, जहां मासूम जिंदगियां पैसों के लालच में दांव पर लगा दी जाती हैं।

रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा