पकड़ौआ विवाह का खौफनाक अंत : युवक ने प्रताड़ना से तंग आकर दी जान, माँ ने SP के पैर पकड़ माँगा न्याय

समस्तीपुर में 'पकड़ौआ विवाह' के बाद एक युवक की संदिग्ध मौत और उसकी मां द्वारा न्याय की गुहार लगाने का मामला गरमाता जा रहा है। इस घटना ने एक बार फिर बिहार में इस प्रथा के काले सच और उसके बाद होने वाली प्रताड़ना को उजागर किया है।

Samastipur - समस्तीपुर में एक भावुक कर देने वाला दृश्य तब सामने आया जब एक बुजुर्ग महिला, कृष्णा देवी, ने डीआईजी की गाड़ी में बैठते समय एसपी अरविंद्र प्रताप सिंह के पैर पकड़ लिए । महिला ने रोते हुए अपने बेटे विश्वजीत कुमार के लिए इंसाफ की मांग की । उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे का न केवल जबरन 'पकड़ौआ विवाह' कराया गया, बल्कि ससुराल वालों की प्रताड़ना से तंग आकर उसने अपनी जान दे दी । 

पकड़ौआ विवाह से शुरू हुई प्रताड़ना की कहानी

मामला हलई थाने के सारंगपुर गांव का है, जहां दिलीप कुमार राय के बेटे विश्वजीत की शादी साल 2020 में बिथान के कटौसी गांव की सोनाली के साथ जबरन करा दी गई थी । हालांकि बाद में लड़के के परिवार ने इसे स्वीकार कर लिया और विश्वजीत की दो बेटियां भी हुईं, लेकिन पति-पत्नी के बीच तनाव हमेशा बना रहा । विश्वजीत की पत्नी ज्यादातर समय अपने मायके में रहती थी, जिससे विवाद और गहराता गया । 

25 लाख की डिमांड और प्रताड़ना का वायरल वीडियो

विश्वजीत ने जहर खाने से पहले एक वीडियो बनाया था, जिसमें उसने अपनी पत्नी और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं । वीडियो में वह कह रहा है कि उसके ससुराल वाले केस खत्म करने के लिए 25 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं । उसने दुखी होकर कहा कि "सारा कानून लड़कियों के लिए है" और वह मौत को गले लगाने के अलावा कोई रास्ता नहीं देख रहा है । परिजनों का शक है कि उसे जहर दिया गया है या जहर खाने पर मजबूर किया गया है । 

कोर्ट के आदेश और संदिग्ध मौत

रोसड़ा कोर्ट में दोनों पक्षों के बीच मुकदमेबाजी चल रही थी। 7 जनवरी को कोर्ट ने पत्नी को ससुराल जाने का आदेश दिया था, लेकिन वह बहाने बनाकर नहीं गई । आरोप है कि 11 जनवरी को विश्वजीत को उसके ससुराल बुलाया गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई । 12 जनवरी को वह सारंगपुर जमुआरी के पास बेहोश मिला और दरभंगा में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई ।  

पुलिस की कार्रवाई और एसपी का आदेश

विश्वजीत की मां के बयान पर हलई थाने में पत्नी, ससुर राजनारायण राय, सास पवन देवी और साले आशीष व अंकुश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है । एसपी अरविंद्र प्रताप सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पटोरी डीएसपी को तुरंत घटनास्थल का सत्यापन कर आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई का आदेश दिया है