Bihar Crime: राजद विधायक के ड्राइवर की संदिग्ध हत्या, घर के बाहर मिला शव, इलाके में दहशत

Bihar Crime: राजद विधायक के ड्राइवर सूरज कुमार का शव संदिग्ध हालत में बरामद हुआ है।....

Muzaffarpur RJD MLA Driver Found Dead Outside Home
राजद विधायक के ड्राइवर की संदिग्ध हत्या- फोटो : reporter

Bihar Crime:  राजद विधायक के ड्राइवर सूरज कुमार का शव संदिग्ध हालत में बरामद हुआ है। हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। वारदात ने पूरे इलाके में दहशत और खौफ का माहौल पैदा कर दिया है।

घटना मुजफ्फरपुर  जिले के पारु थाना क्षेत्र स्थित लालू छपड़ा गांव की है। बताया जा रहा है कि सूरज कुमार का शव उनके ही दरवाजे के समीप पड़ा मिला। सुबह-सुबह जब ग्रामीणों की नजर लहूलुहान हालत में पड़े शव पर पड़ी तो इलाके में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मामला सीधा-सीधा क़त्ल का मालूम पड़ता है। जिस तरह से शव मिला है, उससे अंदेशा जताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले हत्या की और फिर सबूत मिटाने की नीयत से शव को घर के पास फेंक दिया। हालांकि पुलिस अभी हर एंगल से तहकीकात में जुटी है।

सूचना मिलते ही पारू थाना की पुलिस फौरन मौके पर पहुंची और इलाके को घेराबंदी कर लिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और सभी संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसएल (फॉरेंसिक टीम) और डॉग स्क्वॉड को भी घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है। वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि हकीकत तक पहुंचा जा सके।

इस वारदात ने सियासी हलकों में भी हलचल पैदा कर दी है, क्योंकि मृतक एक राजद विधायक के ड्राइवर बताए जा रहे हैं। आखिर यह रंजिश का मामला है, आपसी दुश्मनी या फिर किसी बड़ी साजिश की कड़ी यह सवाल अब जांच का विषय है।फिलहाल पूरा लालू छपड़ा गांव सन्नाटे और दहशत में डूबा है, जबकि पुलिस की टीम हर सुराग को खंगालने में जुटी हुई है। 

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा