दुस्साहस: ड्यूटी से लौट रहे रेलवे लोको पायलट की गोली मारकर हत्या, सड़क किनारे मिला शव
बिहार के समस्तीपुर में बेखौफ अपराधियों का तांडव! ड्यूटी से घर लौट रहे रेलवे लोको पायलट प्रमोद कुमार की गोली मारकर हत्या। सड़क किनारे मिला शव, इलाके में भारी आक्रोश और पुलिस प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन। क्या बिहार में अब रेलवे कर्मचारी भी सुरक्षित नहीं
Samastipur - : बिहार के समस्तीपुर जिले में बेखौफ अपराधियों ने रेलवे के एक लोको पायलट की गोली मारकर हत्या कर दी। यह वारदात ताजपुर थाना क्षेत्र के बसहीभिंडी गांव के पास हुई। मृतक की पहचान गुनाई बहसी निवासी प्रमोद कुमार (पिता- राजेंद्र कॉपर) के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच में अंदेशा जताया जा रहा है कि अपराधियों ने लूटपाट का विरोध करने पर इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया है।
रात के अंधेरे में घात लगाकर हमला
जानकारी के अनुसार, प्रमोद कुमार शुक्रवार रात करीब 10:00 बजे समस्तीपुर स्टेशन से अपनी ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। जब वह बसहीभिंडी गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप के समीप पहुंचे, तभी अज्ञात अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाया। अपराधियों ने उन्हें पेट और पीठ में गोली मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। रात का वक्त होने के कारण घटना के समय किसी को भनक तक नहीं लगी।
सुबह हुआ खुलासा, शरीर पर मिले गोली के निशान
शनिवार सुबह जब स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क किनारे एक युवक का शव और पास ही गिरी हुई बाइक देखी, तो इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआत में इसे सड़क दुर्घटना माना जा रहा था, लेकिन जब शव को करीब से देखा गया तो शरीर पर गोलियों के निशान मिले। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की।
सड़क जाम कर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
लोको पायलट की हत्या की खबर मिलते ही स्थानीय लोग और परिजनों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि इलाके में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और हत्या में शामिल अपराधियों को अविलंब गिरफ्तार कर फांसी की सजा दी जाए।
जांच में जुटी पुलिस, जल्द गिरफ्तारी का दावा
घटनास्थल पर पहुंचे एएसपी संजय पांडे ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। एएसपी ने कहा, "फिलहाल परिवार के सदस्य कुछ भी स्पष्ट बताने की स्थिति में नहीं हैं। हम सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों की पहचान कर रहे हैं। जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर लिया जाएगा।"