Samastipur Crime: समस्तीपुर में पुलिस टीम पर हमला, दारोगा का मोबाइल छीना; पिस्तौल छीनने की भी कोशिश
Samastipur Crime: समस्तीपुर के विभूतिपुर में अवैध देसी शराब के साथ गिरफ्तार युवक को छुड़ाने के प्रयास में पुलिस टीम पर हमले का आरोप है। चौकी प्रभारी समेत कई जवान घायल हुए और चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।
Samastipur Crime: समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के पतैलिया स्थित मुसहरी टोल में अवैध देसी शराब के साथ गिरफ्तार एक युवक को छुड़ाने के प्रयास के दौरान पुलिस टीम पर हमले का मामला सामने आया है। घटना में साखमोहन चौकी प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक अरशद इमाम अंसारी समेत पुलिस बल के कई जवान घायल हो गए।
चौकी प्रभारी के आवेदन पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले में 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
गश्ती के दौरान युवक को अवैध देसी शराब के साथ पकड़ा
पुलिस के अनुसार, साखमोहन चौकी प्रभारी अरशद इमाम अंसारी पुलिस जवान प्रेम कुमार, पंकज कुमार यादव और शिवम कुमार के साथ शाम की गश्ती पर निकले थे। इसी दौरान शाम करीब 5:25 बजे पतैलिया मुसहरी टोल से करख वार्ड संख्या एक निवासी संजय मंडल को कथित तौर पर अवैध देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।
प्राथमिकी के मुताबिक, गिरफ्तार युवक को पुलिस वाहन की ओर ले जाने के दौरान पीछे से आए एक युवक ने चौकी प्रभारी का हाथ पकड़कर उन्हें सड़क किनारे गड्ढे में खींच लिया। इसके बाद 50 से 60 महिला, पुरुष और युवकों की भीड़ ने पुलिस टीम को घेर लिया। आरोप है कि भीड़ ने धक्का-मुक्की कर गिरफ्तार युवक को छुड़ाने की कोशिश की।
पुलिस वाहन का रास्ता रोकने और तोड़फोड़ का आरोप
पुलिस ने किसी तरह गिरफ्तार युवक को वाहन में बैठाया। प्राथमिकी के अनुसार, वाहन आगे बढ़ने पर कुछ युवकों ने सड़क पर लकड़ी का बोझा और बाइक रखकर रास्ता रोक दिया। आरोप है कि इस दौरान सरकारी वाहन के साइड मिरर और शीशे तोड़ दिए गए।
चौकी प्रभारी पर लोहे के कड़े से हमला करने का आरोप
दर्ज प्राथमिकी में चौकी प्रभारी ने बताया कि वह मोबाइल से घटना का वीडियो बना रहे थे, तभी एक युवक ने अपने साथियों के साथ उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि युवक ने लोहे के कड़े से उनके सिर पर वार किया और मोबाइल छीन लिया। इसके बाद उन्हें वाहन से बाहर खींचकर किसी ठोस वस्तु से सिर और पेट पर कई बार प्रहार किया गया।
प्राथमिकी के अनुसार, अंधेरे का फायदा उठाकर एक युवक ने गमछे से चौकी प्रभारी का गला कसकर जान से मारने की कोशिश की, जिससे वह कुछ देर के लिए अचेत हो गए। इस दौरान उनकी कमर से सरकारी पिस्तौल छीनने का प्रयास किए जाने का भी आरोप है। भीड़ ने अन्य पुलिस जवानों के साथ भी मारपीट की। पुलिस टीम किसी तरह गिरफ्तार युवक और जब्त शराब के साथ थाने पहुंची। इसके बाद घायल पुलिसकर्मियों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराया गया।
चार आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
पुलिस ने घटना के वीडियो फुटेज और स्थानीय चौकीदार की मदद से चार आरोपियों की पहचान की। इनमें पतैलिया वार्ड संख्या 10 के मुसहरी टोल निवासी बिरजू कुमार उर्फ बिरजू सदा, रोहित कुमार, चंदन कुमार और प्रमोद कुमार के नाम शामिल हैं। प्रभारी थानाध्यक्ष मो. शब्बीर खान के अनुसार, त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी बिरजू सदा और रोहित कुमार के अलावा अप्राथमिकी अभियुक्त सुनील सदा एवं मुकेश सदा को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस के आवेदन और प्राथमिकी में दर्ज आरोपों के आधार पर मामले की जांच जारी है। आरोपियों के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी।