पटना साइबर ठगी: जीवन प्रमाण पत्र के नाम पर रिटायर्ड रेलकर्मी से 6.44 लाख की ठगी, एपीके फाइल से उड़ाई रकम

पटना के राम कृष्णा नगर में जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने में मदद के नाम पर रिटायर्ड रेलकर्मी से 6 लाख 44 हजार रुपये की साइबर ठगी हुई है। ठगों ने व्हाट्सऐप पर एपीके फाइल भेजकर गोपनीय जानकारी जुटाई और रकम निकाल ली।पटना साइबर थाना मामले की जांच कर रहा है।

Patna cyber fraud case
जीवन प्रमाण पत्र साइबर फ्रॉड पटना- फोटो : Reporter

पटना के राम कृष्णा नगर इलाके में रहने वाले एक रिटायर्ड रेलकर्मी को साइबर ठगों ने वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने में मदद का झांसा देकर 6 लाख 44 हजार रुपये की चपत लगा दी। ठगों ने पीड़ित से संपर्क कर व्हाट्सऐप के जरिए एपीके फाइल भेजकर मोबाइल में इंस्टॉल करवाई और बैंक खाते से पांच बार में रकम उड़ा ली।


फेसबुक से मिले नंबर पर संपर्क के बाद शुरू हुआ ठगी का खेल

पीड़ित राजेन्द्र कुमार को 23 नवंबर को फेसबुक के माध्यम से एक मोबाइल नंबर मिला था, जिस पर उन्होंने अपना वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने के लिए कॉल किया। ठगों ने भरोसे में लेकर व्हाट्सऐप पर एपीके फाइल भेजी और प्रक्रिया पूरी करने के नाम पर उसे फोन में इंस्टॉल करा दिया।


गोपनीय जानकारी लेकर पांच बार में निकाली गई रकम

एपीके फाइल इंस्टॉल कराने के दौरान ठगों ने पीड़ित से पैन नंबर, बैंक खाता विवरण, डेबिट कार्ड नंबर और सीवीवी जैसी संवेदनशील जानकारी भी जुटा ली। विवरण साझा करने के थोड़ी ही देर बाद खाते से लगातार पांच बार में कुल 6 लाख 44 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई।


साइबर पोर्टल के बाद पटना साइबर थाना में केस दर्ज

ठगी की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने सबसे पहले राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके आधार पर पटना साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है और पीड़ित ने पुलिस को ठगों के मोबाइल नंबर व व्हाट्सऐप चैट भी सौंपे हैं।


मोबाइल नंबर और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी

पटना साइबर थाना की पुलिस अब उपलब्ध कराए गए मोबाइल नंबर, व्हाट्सऐप चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लेनदेन और तकनीकी विवरणों को खंगालकर आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

पटना से अनिल की रिपोर्ट