भांजा क्रिकेटर और मामा IPS: समस्तीपुर के अभिषेक चौहान ने पहले ही प्रयास में यूपीएससी फोड़ा, 102वीं रैंक के साथ बने अफसर

स्टार क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के मामा अभिषेक चौहान ने पहले ही प्रयास में UPSC क्रैक कर 102वीं रैंक हासिल की है। समस्तीपुर के राजाजान गांव के रहने वाले अभिषेक अब IPS अधिकारी बनेंगे।

Samastipur - : अक्सर कहा जाता है 'जैसा मामा, वैसा भांजा', लेकिन बिहार के समस्तीपुर जिले के एक परिवार ने इस कहावत को नया आयाम दे दिया है। क्रिकेट के मैदान पर अपनी छोटी उम्र में बड़ी उपलब्धियां हासिल करने वाले वैभव सूर्यवंशी के मामा अभिषेक चौहान ने अब शिक्षा के सबसे कठिन क्षेत्र यानी UPSC में अपना परचम लहराया है। अभिषेक चौहान ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में देश भर में 102वीं रैंक हासिल कर IPS ऑफिसर बनकर जिले का नाम रोशन किया है।

पहले ही प्रयास में रचा इतिहास

अभिषेक चौहान की यह सफलता इसलिए भी खास है क्योंकि उन्होंने अपने पहले ही प्रयास में यह मुकाम हासिल किया है। वे समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर प्रखंड के राजाजान गांव के निवासी प्रो. डॉ. अभय कुमार सिंह और अनुराधा राजपूत के पुत्र हैं। उनके पिता नालंदा ओपन यूनिवर्सिटी में कुलसचिव (रजिस्ट्रार) के पद पर कार्यरत हैं। शैक्षणिक माहौल में पले-बढ़े अभिषेक ने पहले ही इम्तिहान में अपनी योग्यता साबित कर दी।

वैभव सूर्यवंशी के पिता ने जताई खुशी

भांजे वैभव सूर्यवंशी की क्रिकेटिंग सफलता के बाद मामा की इस कामयाबी से पूरे परिवार में जश्न का माहौल है। वैभव के पिता संजीव सूर्यवंशी ने सोशल मीडिया पर अपने साले साहब (अभिषेक चौहान) की इस उपलब्धि को साझा करते हुए इसे 'गौरव के क्षण' बताया। उन्होंने लिखा कि अब वैभव सूर्यवंशी एक "IPS ऑफिसर के भांजे" के रूप में भी पहचाने जाएंगे।

दो क्षेत्रों के दो चमकते सितारे

एक तरफ जहां वैभव सूर्यवंशी पिछले एक-डेढ़ साल से क्रिकेट जगत में अपनी बल्लेबाजी से दिग्गजों को प्रभावित कर रहे हैं और कम उम्र में आईपीएल (IPL) तक का सफर तय कर चुके हैं, वहीं दूसरी ओर उनके मामा ने प्रशासनिक सेवा में जाकर परिवार के मान को दोगुना कर दिया है। यह इत्तेफाक कम ही देखने को मिलता है कि एक ही परिवार के दो सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों (खेल और शिक्षा) के शिखर पर एक साथ चमक रहे हों।