Sonpur Mela: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे विश्वप्रसिद्ध सोनपुर मेले का उद्घाटन, भव्य आयोजन की तैयारी में जुटा प्रशासन

Sonpur Mela: बिहार की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत के प्रतीक विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला- 2026 के भव्य आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। ...

सम्राट चौधरी करेंगे विश्वप्रसिद्ध सोनपुर मेले का उद्घाटन- फोटो : reporter

Sonpur Mela: बिहार की धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत के प्रतीक विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला- 2026 के भव्य आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रस्तावित आगमन को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। मुख्य पंडाल से लेकर मंच, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात और बुनियादी सुविधाओं तक प्रत्येक पहलू पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव स्वयं मेला क्षेत्र का लगातार निरीक्षण कर विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा कर रहे हैं।

इसी क्रम में जिलाधिकारी ने हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला परिसर में प्रशासनिक व्यवस्था के लिए बनाए जा रहे मुख्य पंडाल, मुख्य मंच और विभिन्न सांस्कृतिक एवं अन्य कार्यक्रमों के आयोजन के लिए निर्धारित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से अब तक की गई तैयारियों की जानकारी ली और शेष कार्यों को निर्धारित समय- सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी निर्माण एवं व्यवस्थागत कार्यों में गुणवत्ता के साथ समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि उद्घाटन समारोह सहित मेले के विभिन्न कार्यक्रमों के संचालन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न नहीं हो।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर विशेष तैयारी 

हरिहरनाथ क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की संभावित यात्रा को लेकर प्रशासनिक और पुलिस महकमा विशेष रूप से सतर्क है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल की तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, प्रवेश एवं निकास मार्गों तथा वाहनों की पार्किंग के लिए आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। इसके साथ ही वीआईपी एवं अन्य अतिथियों के आगमन, बैठने और आवागमन से संबंधित प्रोटोकॉल की भी समीक्षा की जा रही है। जिलाधिकारी ने संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने का निर्देश दिया है।

प्रकाश, स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था पर जोर

मेले में देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आम लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आधारभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। जिलाधिकारी ने मेला क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल की उपलब्धता, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों को समय रहते पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मेला परिसर के प्रमुख मार्गों, कार्यक्रम स्थलों और सार्वजनिक आवागमन वाले क्षेत्रों में विशेष साफ-सफाई एवं प्रकाश की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आवागमन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा मुख्य पंडाल के निर्माण, मंच की साज-सज्जा, बैठक व्यवस्था, विद्युत कनेक्शन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी नियमित निगरानी की जा रही है। प्रशासन का जोर इस बात पर है कि मेले में आयोजित होने वाले धार्मिक, सांस्कृतिक और प्रशासनिक कार्यक्रम निर्धारित रूपरेखा के अनुसार सुचारू रूप से संपन्न हों।

बिहार की सांस्कृतिक विरासत का अंतरराष्ट्रीय मंच

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने दायित्वों का पूरी प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करें और एक-दूसरे के साथ समन्वय बनाकर कार्यों को समय पर पूरा करें। उन्होंने कहा कि हरिहरनाथ क्षेत्र सोनपुर मेला केवल एक पारंपरिक आयोजन नहीं, बल्कि बिहार की धार्मिक, आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक पहचान का महत्वपूर्ण प्रतीक है। इसका महत्व राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी है। ऐसे में मेले का आयोजन इस तरह किया जाना चाहिए, जिससे बिहार की समृद्ध परंपरा, लोक संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को व्यापक पहचान मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु, पर्यटक और आगंतुक को सुरक्षित वातावरण तथा बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

भव्यता के साथ सुव्यवस्थित आयोजन का लक्ष्य 

जिला प्रशासन का प्रयास है कि सोनपुर मेला-2026 का आयोजन धार्मिक परंपराओं, सांस्कृतिक विविधता और आधुनिक सुविधाओं के बेहतर समन्वय के साथ किया जाए। इसके लिए विभिन्न विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं और तैयारियों की लगातार निगरानी की जा रही है। मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर भी सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुरूप दुरुस्त किया जा रहा है। प्रशासन को उम्मीद है कि बेहतर समन्वय और सुव्यवस्थित तैयारियों के माध्यम से इस वर्ष का सोनपुर मेला अपनी भव्यता, सांस्कृतिक विविधता और बेहतर प्रबंधन के लिए विशेष पहचान बनाएगा।

धर्मेंद्र रस्तोगी