Bihar Voter List: बिहार के मतदाताओं के लिए बड़ी खबर, वोटर लिस्ट में नाम कट गया या गलत है पता? इन 4 दिनों में करें सुधार

Bihar Voter List: मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं है या फिर नाम, पता और अन्य विवरण में किसी तरह की गड़बड़ी है, तो उसे दुरुस्त कराने के लिए मतदाताओं को चार दिन का विशेष अवसर मिलने जा रहा है।

Bihar Voter List
वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने और सुधार का मौका- फोटो : X

Bihar Voter List:  मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं है या फिर नाम, पता और अन्य विवरण में किसी तरह की गड़बड़ी है, तो उसे दुरुस्त कराने के लिए मतदाताओं को चार दिन का विशेष अवसर मिलने जा रहा है। जिला प्रशासन की ओर से जिले के सभी 14 विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्येक मतदान केंद्र पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पात्र मतदाता अपना नाम जुड़वाने, अपात्र व्यक्ति का नाम हटवाने और सूची में दर्ज गलत जानकारी को सुधारने के लिए आवेदन जमा कर सकेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक 21 और 22 नवंबर तथा पांच और छह दिसंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन चारों दिनों में बूथ लेवल ऑफिसर यानी बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। मतदाता उनसे संपर्क कर जरूरी प्रपत्र प्राप्त कर सकते हैं और निर्धारित दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा कर सकते हैं। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की प्रक्रिया जारी है। इसके तहत 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक दावा-आपत्ति स्वीकार की जा रही है।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष पहल की है। प्रशासन का मकसद है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

नाम जुड़वाने के लिए प्रपत्र-6 भरना अनिवार्य होगा। वहीं, किसी मृत व्यक्ति या अपात्र मतदाता का नाम हटवाने के लिए प्रपत्र-7 के जरिए आवेदन दिया जा सकेगा। नाम, पता और अन्य विवरण में संशोधन कराने के लिए प्रपत्र-8 भरना होगा। आवेदन के साथ आयोग द्वारा निर्धारित जरूरी दस्तावेज भी संलग्न करने होंगे।

अभियान की निगरानी ईआरओ और एईआरओ करेंगे। उन्हें सभी बूथों पर बीएलओ की मौजूदगी सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया है। प्रत्येक अभियान दिवस के अगले दिन सुबह 11 बजे तक आवेदन संग्रहण की रिपोर्ट जिला निर्वाचन कार्यालय को भेजनी होगी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से अभियान का प्रचार-प्रसार भी कराया जाएगा।