Bihar News: 60 साल का साथ, मौत भी नहीं कर पाई जुदा! पति के निधन के 15 दिन बाद पत्नी ने भी तोड़ा दम

Bihar News: कहते हैं कि सच्चा जीवनसाथी वही होता है, जिसके साथ जीने और मरने तक का रिश्ता जुड़ जाए।

60 साल का साथ, मौत भी नहीं कर पाई जुदा!- फोटो : X

Bihar News: सारण जिले से एक ऐसी भावुक कर देने वाली खबर सामने आई है, जिसे सुनकर हर किसी की आंखें नम हो जाएंगी। कहते हैं कि सच्चा जीवनसाथी वही होता है, जिसके साथ जीने और मरने तक का रिश्ता जुड़ जाए। कुछ ऐसी ही कहानी मांझी प्रखंड के मुबारकपुर गांव के एक बुजुर्ग दंपती की है। करीब 60 वर्षों तक एक-दूसरे का हाथ थामकर जिंदगी बिताने वाले पति-पत्नी का साथ आखिरकार मौत के बाद भी चर्चा का विषय बन गया। पहले पति ने दुनिया को अलविदा कहा और महज 15 दिनों बाद पत्नी ने भी दम तोड़ दिया। पति के श्राद्ध संस्कार के तीन दिन बाद पत्नी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, मुबारकपुर गांव निवासी 78 वर्षीय ब्यास देव सिंह का बीते 10 नवंबर की रात निधन हो गया था। उनकी पत्नी उर्मिला देवी की उम्र 76 वर्ष थी। दोनों ने लगभग छह दशक तक साथ जीवन बिताया था। जिंदगी के हर सुख-दुख में एक-दूसरे का सहारा बने रहे इस दंपती के लिए पति का बिछड़ना बेहद दुखद रहा। परिजनों के मुताबिक, पति की मौत के बाद उर्मिला देवी काफी आहत थीं। परिवार के लोग उनकी तबीयत और मनोदशा को लेकर चिंतित थे।

बीते शनिवार को ब्यास देव सिंह का श्राद्ध संस्कार संपन्न हुआ। इसके महज तीन दिन बाद मंगलवार की रात उर्मिला देवी ने भी अंतिम सांस ले ली। हालांकि, उनके निधन का चिकित्सकीय कारण अभी सामने नहीं आया है।

दंपती का अंतिम संस्कार मांझी प्रखंड के डुमाईगढ़ घाट पर किया गया। 11 नवंबर को बड़े पुत्र सरोज सिंह ने पिता को मुखाग्नि दी थी, जबकि 25 नवंबर को छोटे पुत्र शैलेश सिंह ने मां का अंतिम संस्कार किया।

एक ही पखवाड़े में परिवार के दोनों बुजुर्ग सदस्यों के चले जाने से घर में मातम पसरा है। मुबारकपुर गांव के लोग भी इस दंपती की लंबी वैवाहिक यात्रा को याद कर भावुक हैं। छह दशक का यह साथ अब गांव की यादों में हमेशा के लिए दर्ज हो गया है।

रिपोर्ट- धर्मेंद्र रस्तोगी