Bihar Crime: देव दीपावली की धूम, सवा लाख दीपों से जगमगाया सौरा नदी तट

Bihar Crime: पूर्णिया में देव दीपावली के पावन अवसर पर भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला।..

Bihar Crime:  देव दीपावली की धूम, सवा लाख दीपों से जगमगाया स
देव दीपावली की धूम- फोटो : reporter

Bihar Crime: पूर्णिया में देव दीपावली के पावन अवसर पर भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सिटी काली मंदिर स्थित सौरा नदी तट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया। इस दौरान सवा लाख दीये जलाकर देव दीपावली मनाई गई। दीपों की सुनहरी रोशनी से पूरा नदी तट जगमगा उठा। काली मंदिर और आसपास के इलाकों को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया था। इस अलौकिक दृश्य को देखने के लिए करीब 40 हजार श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया और जयकारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम में बिहार सरकार की भवन निर्माण मंत्री लेसी सिंह भी शामिल हुईं। उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ कोसी पूजा की। इसके बाद बनारस से पहुंचे 11 विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भव्य गंगा आरती संपन्न कराई। आरती के दौरान श्रद्धालु दीपों की लौ और शंखनाद के बीच भक्ति में लीन नजर आए। हनुमान चालीसा का पाठ समेत कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि देव दीपावली के अवसर पर सौरा नदी तट पर गंगा आरती का नजारा बेहद भव्य और मनमोहक होता है। उन्होंने इस शानदार आयोजन के लिए श्री राम सेवा संघ के सदस्यों की सराहना करते हुए उनका आभार जताया। वहीं, महापौर विभा कुमारी ने कहा कि पूर्णिया में देव दीपावली के मौके पर होने वाला यह आयोजन अलौकिक अनुभूति कराता है। पहले इस तरह की भव्य गंगा आरती मुख्य रूप से बनारस और हरिद्वार में देखने को मिलती थी, लेकिन पिछले कई वर्षों से पूर्णिया में भी श्रद्धालुओं को ऐसा दिव्य दृश्य देखने का अवसर मिल रहा है।

आयोजन के संबंध में पंडित तिवारी बाबा ने बताया कि श्री राम सेवा संघ पिछले 12 वर्षों से लगातार देव दीपावली का पर्व मना रहा है। इस अवसर पर बनारस से 11 पंडितों को बुलाकर गंगा आरती कराई जाती है। उन्होंने कहा कि देव दीपावली पर दीपदान करना बेहद पुण्यकारी माना जाता है। श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी ने इस धार्मिक आयोजन को यादगार बना दिया।

रिपोर्ट- अंकित कुमार