Anant Singh:अनंत सिंह के घर बजेगी शहनाई,151 गाड़ियों के काफिले के साथ पहुंचेगा दूल्हा, बेटी शिवांगी की आज ऋषिकेश से शादी

Anant Singh:बिहार के बाहुबली नेता और मोकामा विधायक अनंत सिंह के घर आज यानी 25 नवंबर को खुशियों की शहनाई गूंजने जा रही है। ...

Anant Singh

Anant Singh:बिहार के बाहुबली नेता और मोकामा विधायक अनंत सिंह के घर आज यानी 25 नवंबर को खुशियों की शहनाई गूंजने जा रही है। उनकी बेटी शिवांगी आज पटना के बिहटा स्थित कृष्णानगर निवासी ऋषिकेश कुमार के साथ सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत करेंगी। इस खास मौके को लेकर बाढ़ के नदवां गांव स्थित अनंत सिंह के पैतृक आवास पर जश्न का माहौल है। शादी समारोह को यादगार बनाने के लिए भव्य तैयारियां की गई हैं। इस आयोजन में बिहार की सियासत के कई दिग्गज नेताओं, मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और नामचीन कलाकारों के पहुंचने की उम्मीद है। अनंत सिंह खुद कई बड़े नेताओं और खास मेहमानों को न्योता दे चुके हैं।

शादी समारोह के लिए करीब 10 बीघे जमीन में विशाल पंडाल तैयार किया गया है। वीआईपी मेहमानों के लिए अलग व्यवस्था की गई है, जहां 30 स्टॉलों पर लजीज व्यंजन परोसे जाएंगे। आम मेहमानों और बारातियों के लिए भी अलग-अलग इंतजाम किए गए हैं। मेहमानों की खातिरदारी में कोई कसर न रहे, इसके लिए करीब 380 हलवाई मिठाइयां और पकवान तैयार करने में जुटे हैं। काला जामुन, लाल मोहन और चमचम जैसी मिठाइयां खास आकर्षण रहेंगी। पूरे आयोजन में करीब चार लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था की गई है।

कार्यक्रम के मुताबिक सुबह 10 बजे से भोज शुरू होगा, जबकि दोपहर दो बजे घुड़दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके बाद 151 गाड़ियों के काफिले के साथ बारात नदवां पहुंचेगी। रात नौ बजे भव्य मंच पर शिवांगी और ऋषिकेश का जयमाला कार्यक्रम होगा। फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजे मंच पर दोनों एक-दूसरे को वरमाला पहनाएंगे। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मंडप में सात फेरे, सिंदूरदान और अन्य पारंपरिक रस्में निभाई जाएंगी। देर रात तक चलने वाले इस समारोह को लेकर रिश्तेदारों और समर्थकों में खासा उत्साह है।
ब्यूरो रिपोर्ट