Bihar Flood: गंडक के दबाव में फिर टूटा सारण तटबंध, तेजी से फैल रहा बाढ़ का पानी, मची अफरातफरी
Bihar Flood: सारण गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर और लगातार बढ़ रहे पानी के दबाव ने सारण जिले में एक बार फिर बाढ़ का संकट गहरा दिया है।...
Bihar Flood: सारण गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर और लगातार बढ़ रहे पानी के दबाव ने सारण जिले में एक बार फिर बाढ़ का संकट गहरा दिया है। गुरुवार को पानापुर प्रखंड के सरौजा भगवानपुर गांव के समीप सारण मुख्य तटबंध टूट गया। तटबंध टूटते ही पानी तेज रफ्तार से निचले इलाकों की ओर फैलने लगा। अचानक बड़ी मात्रा में पानी आने से आसपास के गांवों में अफरातफरी मच गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सातजोड़ा बाजार के समीप तटबंध टूटने के बाद पानी तेजी से खेतों और गांवों की तरफ बढ़ रहा है। देखते ही देखते निचले इलाकों में पानी का फैलाव शुरू हो गया। तटबंध टूटने की खबर मिलते ही ग्रामीण अपने घर-बार, फसल और मवेशियों को लेकर चिंतित हो गए। कई लोग एहतियातन सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे।
गंडक के बढ़ते दबाव के बीच टूटा तटबंध
बताया जा रहा है कि पिछले कई दिनों से गंडक नदी के जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी हो रही थी। इसके चलते पानापुर इलाके में तटबंधों पर पानी का दबाव लगातार बढ़ रहा था। स्थानीय स्तर पर कई जगह रिसाव और पानी के दबाव की सूचना भी सामने आ रही थी। इसी बीच गुरुवार को सरौजा भगवानपुर के पास तटबंध टूट गया।
तटबंध टूटने के बाद पानी के बहाव की रफ्तार तेज बताई जा रही है। इसका असर पानापुर के साथ तरैया प्रखंड के निचले इलाकों में भी पड़ने की आशंका है। पानी किस दिशा में कितनी तेजी से बढ़ रहा है, इसे लेकर ग्रामीणों में बेचैनी बनी हुई है।
मौके पर पहुंची प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग की टीम
तटबंध टूटने की सूचना मिलते ही प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। अधिकारियों ने प्रभावित इलाके का जायजा लिया और तटबंध टूटने के बाद पानी के फैलाव की स्थिति का निरीक्षण शुरू किया। संभावित रूप से प्रभावित गांवों में राहत और बचाव की तैयारियों को भी तेज किया जा रहा है।
प्रशासन की ओर से ग्रामीणों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाढ़ के पानी में नहीं जाने की अपील की जा रही है। लोगों को खतरा बढ़ने की स्थिति में तत्काल सुरक्षित स्थानों पर चले जाने की सलाह दी गई है।फिलहाल प्रशासन की नजर पानी के बहाव और उसके आगे बढ़ने की दिशा पर बनी हुई है। गंडक के बढ़ते दबाव के बीच तटबंध टूटने से पानापुर और तरैया क्षेत्र के लोगों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीण अब पानी के फैलाव और प्रशासन की राहत-बचाव व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं।
रिपोर्ट- धर्मेंद्र रस्तोगी