हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 में गुलजार हुआ पशु मेला, कुत्ते, घोड़े और बकरी-भेड़ की खरीद-बिक्री ने पकड़ी रफ्तार
विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 में पशु बाजार अपने पारंपरिक आकर्षण के साथ गुलजार है। पशुपालन विभाग के ताजा प्रतिवेदन के अनुसार, मेले में अब तक पहुंचे 1,585 घोड़ों में से 327 की बिक्री हो चुकी है, जिनकी अधिकतम कीमत 1.85 लाख रुपये दर्ज
विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला- 2026 में पशु मेला अपने पारंपरिक आकर्षण के साथ गुलजार है। मेले में विभिन्न प्रजातियों के पशु- पक्षियों की मौजूदगी से रौनक बढ़ गई है। खासकर घोड़ों और बकरियों की खरीद- बिक्री को लेकर पशुपालकों, व्यापारियों और पशु प्रेमियों में उत्साह देखा जा रहा है। देश के विभिन्न हिस्सों से पशुओं को लेकर पहुंचे व्यापारी मेले में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। पशु बाजार में सुबह से ही खरीदारों और पशुपालकों की आवाजाही बनी हुई है। घोड़ों की नस्ल, बनावट और कीमत को लेकर भी लोगों में खास दिलचस्पी है।
पशुपालन विभाग की ओर से जारी 25 नवंबर 2026 के दैनिक प्रतिवेदन के अनुसार, सोनपुर मेले में अब तक कुल 15 सौ 85 घोड़ों की उपस्थिति दर्ज की गई है। इनमें से 3 सौ 27 घोड़ों की बिक्री हो चुकी है। इसमें अकेले 25 नवंबर को 1 सौ 33 घोड़ों की खरीद- बिक्री हुई। घोड़ों का अधिकतम मूल्य 1 लाख 85 हजार रुपए तथा न्यूनतम मूल्य 85 हजार रुपए दर्ज किया गया है। घोड़ों की खरीद- बिक्री के आंकड़े पशु मेले में इस श्रेणी के प्रति व्यापारियों और खरीदारों की सक्रियता को दर्शाते हैं।
इसी तरह बकरी और भेड़ के बाजार में भी खरीद- बिक्री जारी है। विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, मेले में अभी तक 3 सौ 72 बकरियों और भेड़ों की उपस्थिति दर्ज की गई है। इनमें से कुल 1 सौ 77 की बिक्री हो चुकी है। 25 नवंबर को ही 86 बकरी एवं भेड़ की खरीद- बिक्री हुई। इनका अधिकतम मूल्य 37 हजार रुपए और न्यूनतम मूल्य 35 सौ रुपए दर्ज किया गया है। इसके अलावा मेले में 15 गाय, सात बैल और पांच भैंसों की उपस्थिति दर्ज की गई है। वहीं, 1 सौ 56 कुत्ते भी मेले में पहुंचे हैं। विभिन्न प्रजातियों के पशुओं की मौजूदगी से पशु बाजार में गतिविधियां बनी हुई हैं।
पशुओं के स्वास्थ्य के लिए चिकित्सा शिविर
पशु मेले में बड़ी संख्या में पशुओं के पहुंचने को देखते हुए पशुपालन विभाग की ओर से उनके स्वास्थ्य और उपचार के लिए चिकित्सा व्यवस्था की गई है। विभागीय प्रतिवेदन के अनुसार, 25 नवंबर को मेले में सात पशुओं का उपचार किया गया, जबकि अब तक कुल 35 पशुओं को उपचार की सुविधा दी जा चुकी है। इसके अतिरिक्त सोनपुर, सारण स्थित चिकित्सा शिविर के माध्यम से 25 नवंबर को 49 पशुओं को चिकित्सा संबंधी सुविधा उपलब्ध कराई गई। इस शिविर के माध्यम से अब तक कुल 1 सौ 32 पशुओं का उपचार किया जा चुका है। दोनों चिकित्सा व्यवस्थाओं के तहत अब तक कुल 1 सौ 67 उपचार सेवाएं दर्ज की गई हैं।
पारंपरिक पहचान को बनाए हुए है पशु मेला
हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले की पहचान केवल धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि पशु व्यापार भी इसकी ऐतिहासिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। गंगा और गंडक के संगम क्षेत्र में लगने वाले इस मेले में पशुओं की खरीद-बिक्री की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। बदलते समय के साथ मेले का स्वरूप भले ही विस्तृत हुआ हो, लेकिन पशु बाजार आज भी इसकी विशिष्ट पहचान बनाए हुए है। जिला प्रशासन और पशुपालन विभाग की ओर से पशुपालकों, व्यापारियों एवं खरीदारों की सुविधा के साथ पशुओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। पशु- पक्षियों की उपस्थिति और लगातार हो रही खरीद-बिक्री से सोनपुर मेले का पारंपरिक आकर्षण बरकरार है।
सोनपुर मेले से धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट